गड्ढों में तब्दील पानीपत-खटीमा राजमार्ग
मुजफ्फरनगर, मीरापुर। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग बुरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर गड्ढों में तब्दील हो गया है। हाईवे टूट जाने के कारण आधे घंटे का सफर दो घंटे में पूरा हो रहा है। वहीं, हाईवे पर चलने वाले वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं, लेकिन लोनिवि के साथ ही प्रशासनिक अफसर भी चुप्पी साधे हुए हैं। राजमार्ग पर स्थित गांव संभलहेड़ा नहर पुल की हालत भी खस्ता होती जा रही है, जिससे कभी भी कोई हादसा हो सकता है। वहीं, ग्राम मुझेड़ा के नजदीक व बिजनौर बाईपास तो पूरी तरह गड्ढों में ही बदल चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षतिग्रस्त हो चुके राजमार्ग पर रोज हादसे हो रहे हैं। कई बार इसकी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला है।