Muzaffarnagar: सऊदी से लाया गया 55 लाख का सोना बरामद, जुबैर और नौकर हिरासत में, पूछताछ में खोलेंगे बड़े राज
Muzaffarnagar News : मुजफ्फरनगर पुलिस ने सोमवार को 55 लाख के सोने के साथ दो लोगों को हिरासत में ले लिया। बताया गया कि यह सोना सऊदी अरब से लाया गया था।
विस्तार
मुजफ्फरनगर में शहर कोतवाली पुलिस ने कस्टम चोरी कर सऊदी से लाया गया 55 लाख का 882 ग्राम सोने की सिल्ली बरामद की है। इस सोने को सराफा बाजार में एक सराफ की दुकान पर गलाया जा रहा था। पुलिस की सूचना पर पहुंची कस्टम विभाग टीम ने सोना कब्जे में ले लिया। सोना व दुकानदार को कस्टम टीम अपने साथ ले गई है। जबकि सोना गलाने वाले नौकर को गवाह बनाकर छोड़ दिया गया।
रविवार शाम शहर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि सराफा बाजार में जुबेर की दुकान है। वह सोने की खरीद फरोख्त करता है। उसके पास चोरी का भारी मात्रा में सोना है। तब कोतवाली पुलिस ने छापामारी की कार्रवाई कर जुबेर व उसके नौकर रुड़की निवासी फारूख को हिरासत में ले लिया। इस दौरान नौकर सोना गला रहा था। मौके से बरामद सोने की एक सिल्ली को कब्जे में लेकर कोतवाली पुलिस दुकानदार व नौकर को पकड़ कर कोतवाली ले आई। सूचना पाकर एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने कोतवाली में दोनों आरोपियों से पूछताछ की।
चरथावल निवासी जुबेर ने पुलिस को जानकारी दी कि सरधना निवासी फुरकान 882 ग्राम से कुछ ज्यादा सोने का पाउडर सिल्ली बनाने के लिए देकर गया था। उसने यह सोना सऊदी से लेकर आना बताया था। यह सोना कस्टम चोरी कर लाना बताया गया था। मामला कस्टम विभाग से जुड़ा होने के कारण शहर कोतवाली पुलिस ने कस्टम विभाग को जानकारी दी तो सोमवार को बरेली से कस्टम विभाग टीम पहुंची और सोने की सिल्ली को कब्जे में लिया।
कोतवाली प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि आरोपी दुकानदार जुबेर को कस्टम टीम अपने साथ ले गई। नौकर फारूख को गवाह बना कर छोड़ दिया गया। क्योंकि उसका कहना था कि उसने यह कार्य दुकानदार के कहने पर किया था।
पिछले साल भी पकड़ा था तीन किलो से ज्यादा सोना
शहर कोतवाली क्षेत्र के सराफा बाजार में कस्टम शुल्क चोरी कर सऊदी अरब से आने वाले सोने को कुछ सराफ बिना खौफ बड़े पैमाने पर खरीद रहे है। यह कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। नौ नवंबर 2023 को शहर कोतवाली पुलिस ने डेढ़ करोड़ कीमत का तीन किलो एक सौ पचास ग्राम सोना का चूर्ण बरामद किया था।
यह भी पढ़ें: Meerut: बैंक के जूनियर मैनेजर की लाश देख सहमे लोग, अफसरों में मचा हड़कंप, दोस्त पर शक, पूछताछ कर रही पुलिस
दुकानदार जुबेर के पास से यह सोना बरामद हुआ है। मामला कस्टम शुल्क से जुड़ा होने के कारण सोना व दुकानदार को बरेली से आई कस्टम टीम अपने साथ ले गई है। - सत्य नारायण प्रजापत, एसपी सिटी
यह भी पढ़ें: छेड़छाड़ करना पड़ा महंगा: मनचलों को बीच सड़क पर बनाया मुर्गा, बुजुर्ग ने राइफल लोड कर धमकाया, फिर पीटा भी