पांच लाख की चोरी का खुलासा, तीन पकड़े
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने कुछ दिन पूर्व प्लाइवुड विक्रेता की दुकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पांच लाख रुपये, ट्रक एवं एक चोरी की पिकअप गाड़ी बरामद की है। पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया है।
एसएसपी अभिषेक यादव ने पुलिस लाइन में घटना के खुलासे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दालमंडी में अशोक कुमार अरोड़ा की प्लाइवुड की दुकान है। रविवार रात में चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर पांच लाख की नकदी एवं लाखों का सामान चोरी कर लिया था। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पता चला कि चोर दस टायरा ट्रक में सामान लेकर गए। पुलिस ने जांच के बाद जहांगीर पट्टी सुजडू निवासी आफताब, शाबिर व शानू को घटना में प्रयुक्त 14 टायरा ट्रक, चोरी की पिकअप गाड़ी के साथ गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया है। एक तमंचा, कारतूस एवं दो चाकुओं के साथ चोरी की गई पांच लाख रुपये की नकदी बरामद की है। आफताब दुकान पर ठेकेदारी का काम करता है। उसने ही चोरी करने की योजना बनाई थी। एसएसपी ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। उधर, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल से जुडे़ सुनील तायल, राकेश गर्ग, प्रवीन खेडा, अशोक अरोरा व प्रवीन अरोरा ने पुलिस लाइन पहुंचकर एसएसपी और कोतवाली पुलिस टीम का सम्मान किया।