दिल्ली जिम ट्रेनर मर्डर: विजय की हत्या की हिमांशु भाऊ गैंग ने ली जिम्मेदारी, ताबड़तोड़ बरसाई थीं 15-20 गोलियां
आया नगर में जिम ट्रेनर विजय कुमार की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। दो हमलावरों ने विजय पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। वारदात में करीब 15 से 20 राउंड फायरिंग की गई। इस हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर हिमांशु भाऊ के नाम से एक पोस्ट आई है। इसमें हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है।
विस्तार
दक्षिण दिल्ली के आया नगर में सोमवार सुबह दिनदहाड़े जिम ट्रेनर विजय कुमार की हत्या से सनसनी फैल गई। फतेहपुर बेरी थाना क्षेत्र में हंसा चौक के पास स्थित ‘द परफेक्ट जिम’ से बाहर बुलाकर बाइक सवार दो हमलावरों ने विजय पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
हिमांशु भाऊ गैंग ने ली जिम्मेदारी
पुलिस के मुताबिक, वारदात में करीब 15 से 20 राउंड फायरिंग की गई। मौके से आठ से अधिक खोखे और एक कारतूस बरामद हुआ है। हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगा दी हैं। वहीं, इस हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर हिमांशु भाऊ के नाम से एक पोस्ट आई है। इसमें हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है।
दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि विजय को कई गोलियां लगी थीं। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात सुबह करीब 10:30 बजे हुई। पुलिस की शुरुआती जांच में व्यक्तिगत दुश्मनी की आशंका सामने आई है। हालांकि, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पुरानी पारिवारिक रंजिश और गैंगवार समेत कई पहलुओं से जांच कर रही है।
विजय के चाचा देवेंद्र के मुताबिक, विजय जिम ट्रेनर था। उसके माता-पिता का निधन हो चुका है। परिवार में पत्नी, एक बहन और दो बच्चे हैं। परिजनों को मिली जानकारी के अनुसार, विजय के सिर में दो गोलियां लगी थीं और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गोली के घाव थे। हालांकि, विजय की पत्नी रितु और बहन सुधा ने उसके किसी से व्यक्तिगत विवाद होने से इन्कार किया है।
रितु ने बताया कि विजय रोज सुबह करीब 4:45 बजे उठकर पांच बजे जिम चला जाता था। उन्होंने कहा कि गांव में दो परिवारों के बीच लंबे समय से चल रही रंजिश को देखते हुए वह विजय को उनसे दूरी बनाए रखने की सलाह देती थीं। रितु का आरोप है कि दूसरों के विवाद में उनके पति की जान चली गई। सुधा के मुताबिक, विजय का गांव में किसी से झगड़ा नहीं था और वह अपने काम में व्यस्त रहता था। उनका कहना है कि विजय की एक परिवार के सदस्य से दोस्ती थी और इसी वजह से उसे निशाना बनाए जाने की आशंका है।
जिम से बाहर बुलाया, फिर गोलियों से छलनी किया
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमलावरों को विजय के जिम में होने की जानकारी थी। उन्होंने उसे बाहर बुलाया और उसके बाहर आते ही फायरिंग शुरू कर दी। विजय को संभलने का मौका तक नहीं मिला। परिवार को आशंका है कि उसे जिम से बाहर बुलाने की वजह अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों से बचना थी। पुलिस जिम और आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों के आने-जाने के रास्ते का पता लगा रही है।
रतन लोहिया हत्याकांड से जोड़कर भी जांच
आया नगर में विजय की हत्या को हाल के हिंसक घटनाक्रम की कड़ी के तौर पर भी देखा जा रहा है। नवंबर 2025 में 55 वर्षीय डेयरी कारोबारी रतन लोहिया की उनके घर के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमलावरों ने वारदात से पहले कई घंटे इलाके की रेकी की थी और लोहिया पर 72 से अधिक गोलियां चलाई थीं। लोहिया की हत्या को उनके परिवार ने उनके बेटे अरुण लोहिया की हत्या से जोड़ते हुए बदले की कार्रवाई बताया था। अरुण की मई 2025 में छतरपुर मेट्रो स्टेशन के पास गोली मारकर हत्या की गई थी।
इलाके में तनाव, अतिरिक्त सुरक्षा बल के साथ एसएसबी तैनात
फायरिंग के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल के साथ एसएसबी की तैनाती की गई है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जांच में शामिल किया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे के वास्तविक कारण और हमलावरों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।