मुजफ्फरनगर: भोपा में कार अनियंत्रित होकर पलटी, फिरोजाबाद के 23 वर्षीय युवक की मौत; दो दोस्त घायल
भोपा में जौली पुलिस चौकी के पास नहर पटरी पर तेज मोड़ पर कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में फिरोजाबाद निवासी 23 वर्षीय आर्यन धीमान की मौत हो गई, जबकि दो दोस्त घायल हुए
विस्तार
मुजफ्फरनगर के भोपा में मंगलवार सुबह सड़क हादसे में फिरोजाबाद निवासी 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। दिल्ली से हरिद्वार जा रहे तीन दोस्तों की कार जौली पुलिस चौकी के पास नहर पटरी पर तेज मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को हल्की चोटें आईं।
तेज मोड़ पर अनियंत्रित हुई कार
आर्यन धीमान अपने साथी सत्यम सिंह और रोहित के साथ दिल्ली से हरिद्वार जा रहा था। मंगलवार सुबह करीब चार बजे उनकी कार भोपा की जौली पुलिस चौकी के पास नहर पटरी पर पहुंची। यहां तीव्र मोड़ पर कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और ग्रामीणों ने कार में सवार लोगों को बाहर निकाला। आर्यन गंभीर रूप से घायल था।
यह भी पढ़ें: सौरभ हत्याकांड: बचाव पक्ष की दलील, चश्मदीद गवाह नहीं होने का हवाला; अब अभियोजन पक्ष देगा जवाब
अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
पुलिस और ग्रामीण गंभीर रूप से घायल आर्यन को भोपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों ने आर्यन को मृत घोषित कर दिया। सत्यम सिंह और रोहित को हादसे में हल्की चोटें आई हैं। उनका उपचार कराया गया।
सूचना पर थाने पहुंचे परिजन
हादसे की सूचना मिलने के बाद आर्यन के परिजन थाने पहुंचे। पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाने के साथ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।