UP: पहले मुरादाबाद और अब संभल का सांसद चुनते हैं बिलारी व कुंदरकी के लोग, 2009 में बने इस क्षेत्र का हिस्सा
संभल लोकसभा क्षेत्र में शामिल कुंदरकी और बिलारी विधानसभा के लोग पहले मुरादाबाद में शामिल थे। 2009 में नए परिसीमन के तहत में मुरादाबाद जिले की दोनों विधानसभा संभल लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा बन गई थीं।
विस्तार
लोकसभा के चुनाव के तीसरे चरण में मंगलवार को संभल सीट पर मतदान होगा, लेकिन अधिकांश लोगों के जेहन में सवाल हैं कि बिलारी और कुंदरकी विधानसभा तो मुरादाबाद जनपद की हैं। मुरादाबाद लोकसभा में तो पहले चरण में ही मतदान हो चुका है।
दरअसल 2009 में नए परिसीमन के तहत में दोनों विधानसभा संभल लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा बन गई थीं। इससे पहले कुंदरकी और चंदौसी विधानसभा मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र में ही आती थीं। 2009 से पहले मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र में मुरादाबाद शहर, मुरादाबाद देहात, मुरादाबाद पश्चिम, कुंदरकी- बिलारी और चंदौसी विधानसभा शामिल थीं।
तब ठाकुरद्वारा विधानसभा रामपुर लोकसभा क्षेत्र में आती थी, जबकि कांठ विधानसभा अमरोहा लोकसभा में शामिल थी। नए परिसीमन में मुरादाबाद पश्चिम विधानसभा खत्म कर दी गई। जबकि बिलारी नई विधानसभा बना दी गई।
इसके बाद मुरादाबाद लोकसभा में मुरादाबाद शहर, मुरादाबाद देहात, ठाकुरद्वारा, कांठ के अलावा बिजनौर जनपद की बढ़ापुर विधानसभा को शामिल किया गया है, जबकि कुंदरकी, बिलारी और चंदौसी विधानसभा को संभल लोकसभा में शामिल कर दिया गया था।
पश्चिम खत्म कर बिलारी बनाई गई नई विधानसभा
2009 में हुए परिसीमन में मुरादाबाद पश्चिम विधानसभा खत्म कर दी गई थी। इसके बाद बिलारी नई विधानसभा बनाई गई थी। पश्चिम विधानसभा का कुछ हिस्सा मुरादाबाद शहर, कुंदरकी, बिलारी और कांठ विधानसभा में बांट दिया गया था।
पश्चिम विधानसभा पर अंतिम चुनाव 2009 में ही उपचुनाव के रूप में हुई थी। 2007 के विधानसभा के चुनाव में इस सीट पर भाजपा के राजीव चन्ना ने जीत दर्ज की थी, लेकिन 2009 के लोकसभा में वह विधायकी से इस्तीफा देकर बसपा में शामिल हो गए थे और उन्होंने लोकसभा चुनाव लड़ा था।
हालांकि वह इस चुनाव में जीत दर्ज नहीं कर पाए थे। तब मुरादाबाद पश्चिम विधानसभा पर उपचुनाव हुआ था। जिसमें बसपा के बलराम सैनी ने जीत दर्ज की थी। इस सीट पर ये अंतिम चुनाव था।
मुरादाबाद में 425 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान
मुरादाबाद जनपद के नौ थाना क्षेत्र में 425 मतदान केंद्र और 783 बूथ बनाए गए हैं। ये मतदान केंद्र और बूथ कटघर, पाकबड़ा, मूंढापांडे, कुंदरकी, बिलारी, सोनकपुर, मैनाठेर, भोजपुर और भगतपुर क्षेत्र में आ रहे हैं। सभी केंद्रों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच गईं हैं और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मतदान केंद्रों और बूथों का निरीक्षण सुरक्षा व्यवस्था परखी हैं।
प्रत्याशियों संग मंत्री-विधायकों की प्रतिष्ठा भी दांव पर
संभल लोकसभा सीट पर मंगलवार को मतदान होगा। चुनावी मैदान में सपा, भाजपा और बसपा सहित 12 प्रत्याशी मैदान में हैं। प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता यहां चुनाव प्रचार कर अपनी पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर चुके हैं। इस सीट पर प्रत्याशियों के साथ-साथ विधायकों और मंत्री की प्रतिष्ठा भी दांव पर है।
संभल लोकसभा सीट सबसे उम्र दराज सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क की वजह से चर्चा में थी। केबीसी में भी अमिताभ बच्चन ने डॉ. बर्क को लेकर सवाल पूछा था। हालांकि डॉ. बर्क का निधन हो चुका है और विधायक पोते जियाउर्रहमान बर्क सपा की टिकट पर चुनावी मैदान में हैं।
इस लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाली पांच विधानसभा सीटों में चार पर सपा का कब्जा है। चंदौसी विधानसभा सीट से भाजपा की गुलाब देवी विधायक हैं जो प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हैं। सपा के राज्यसभा सदस्य जावेद अली खां भी संभल के रहने वाले हैं।