त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: मुरादाबाद में सूची से हटे 2.11 लाख वोटर, जोड़े गए 2.28, पहले से बढ़े 18 हजार वोटर
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची का सत्यापन लगभग पूरा हो चुका है। इसमें एआई के जरिये चिह्नित डुप्लीकेट, मृत और लापता मतदाताओं सहित कुल 2.11 लाख नाम सूची से हटाए गए है। इसके अलावा 2.28 लाख नए मतदाता जोड़े गए हैं।
विस्तार
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची के सत्यापन का कार्य लगभग पूरा कर लिया है। सत्यापन के दौरान जिले के 2.11 लाख मतदाता अलग-अलग कारणों की वजह से सूची से बाहर किए गए हैं। अब मतदाताओं की कुल संख्या बढ़कर 14.91 लाख हो गई है।
23 दिसंबर को मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन किया जाएगा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए 2021 की सूची के मुताबिक जिले में 14 लाख 73 हजार 873 मतदाता थे। चुनाव आयोग ने एआई के माध्यम से 2.35 लाख डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची जिला प्रशासन को सौंपी थी।
हिदायत दी गई कि डुप्लीकेट सूची के मतदाताओं का भौतिक सत्यापन कर फर्जी लोगों के नाम हटाए जाए। इस मामले में जिला प्रशासन ने मतदाताओं का सत्यापन करने के लिए क्षेत्रवार बीएलओ को लगाया। पता चला कि एक ग्राम पंचायत में एक ही नाम के चार-चार लोग मौजूद हैं लेकिन उनके पिता के नाम अलग-अलग हैं।
कुछ लोगों ने दो-दो स्थानों पर मतदाता सूची में नाम अंकित कराया था। इस मामले में जांच के बाद करीब 71 हजार लोगों के नाम सूची से हटाए गए। इसमें मृत लोग भी शामिल थे। जिला प्रशासन ने बीएलओ से डुप्लीकेट के अलावा सामान्य मतदाताओं का सत्यापन कराया।
इसमें भी काफी संख्या में मृत और लापता लोग पाए गए। इस प्रकार जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के कुल 2.11 लाख मतदाताओं के नाम को सूची से हटाना पड़ा। साथ ही 2.28 लाख नए मतदाता सूची में जोड़े गए। 2021 की मतदाता सूची की तुलना में 18 हजार मतदाता वर्तमान समय में बढ़ गए हैं।
जिले में 643 ग्राम पंचायतें मौजूद
मुरादाबाद जिले में 1208 गांव और 643 ग्राम पंचायतें मौजूद हैं। साथ नगर पंचायतों की संख्या आठ और दो नगर पालिकाएं हैं। इस मामले में पहले शासनादेश आया था कि एक हजार से अधिक आबादी के गांवों को नई ग्राम पंचायतों का दर्जा दिया जाएगा लेकिन जिले में पहले ही ग्राम पंचायतें बढ़ा दी गई थी। इस कारण वर्तमान परिसीमन का असर जिले पर नहीं पड़ सका। इधर ग्रामीण क्षेत्रों में गांवों से लेकर नगर पालिका और पंचायतों में सियासी पारा गरम हो गया है।
ब्लॉक मतदाता
मुरादाबाद सदर 18501
मूंढापांडे 30951
भगतपुर टांडा 29604
ठाकुरद्वारा 19985
डिलारी 26996
बिलारी 34848
कुंदरकी 47490
छजलैट 27009