मुसीबत: बिना मास्क घूम रहा था भाजपा नेता, विधायक से बात कराई तो कटा 6000 रुपये का चालान
- विधायक से बात कराने पर बाइक का चालान 500 से छह हजार रुपये किया
- भाजपा के नगर मंत्री ने प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित कर की शिकायत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के मंडी धनौरा में बगैर मास्क के बाइक चला रहे भाजपा के नगर मंत्री का चालान से बचने के लिए विधायक राजीव तरारा से बात कराना भारी पड़ गया। विधायक से बात कराने पर नाराज दरोगा ने भाजपा नेता का चालान छह हजार रुपये का काट दिया।
नगर मंत्री ने अपने साथ हुए वाकये की जानकारी भाजपा के पदाधिकारियों को दी है। हालांकि बाद में भाजपाइयों के हस्तक्षेप के बाद चालान एक हजार रुपये का कर दिया गया। भाजपा के नगर मंत्री संजीव चौधरी गुरुवार को बाइक से जा रहे थे।
एक दरोगा ने मास्क नहीं लगाने पर पांच सौ रुपये का जुर्माना भरने को कहा। भाजपा नेता के यह कहने पर कि सभी बगैर मास्क के घूम रहे हैं। नाराज दरोगा ने उसकी बाइक का चालान काट दिया। भाजपा नेता ने अपने मोबाइल में मौजूद सभी कागजात उनको दिखाए लेकिन दरोगा नहीं माना।
उनके मोबाइल पर छह हजार रुपये के चालान का मैसेज भी आ गया। संजीव चौधरी ने भाजपा विधायक राजीव तरारा की बात भी प्रभारी निरीक्षक से कराई। संजीव चौधरी ने इसकी शिकायत पार्टी के नेताओं से की। शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद चालान की राशि एक हजार रुपये कर दी गई।
मुरादाबाद में भी रात्रि कर्फ्यू
कोरोना की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए मुरादाबाद जिला प्रशासन ने शहर क्षेत्र में शुक्रवार रात 10 से सुबह 6 बजे रात्रि कर्फ्यू लगा दिया है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने इसे 16 अप्रैल तक प्रभावी करने के आदेश दिए हैं।
मंडल में शुक्रवार को कोरोना से मुरादाबाद में एक महिला और संभल में दो लोगों की मौत हो गई। इनके अलावा प्रदेश के जलशक्ति राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख की पत्नी रजिंदर कौर समेत 194 नए संक्रमित मिले हैं।
मुरादाबाद में दो दिनों में 232 संक्रमित मिले हैं। बृहस्पतिवार को 130 और शुक्रवार को 102 नए संक्रमित मिलने व एक महिला मरीज की मौत के बाद जिलाधिकारी ने कर्फ्यू अवधि में लोगों के सड़कों पर निकलने पर पाबंदी लगा दी है। कर्फ्यू तक शिक्षण संस्थान भी बंद रहेंगे। 16 अप्रैल को हालात देखते हुए कर्फ्यू पर पुनर्विचार किया जाएगा।
रात्रि कर्फ्यू के दौरान राज्य और राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन जारी रहेगा। आवश्यक सेवाओं और उनमें कार्यरत कर्मचारियों को कर्फ्यू से छूट रहेगी, लेकिन उन्हें अपने साथ वैध परिचय पत्र रखना अनिवार्य है। शुक्रवार को अमरोहा में 30, संभल में 24, बिजनौर में 21 और रामपुर में 17 नए संक्रमित मिले हैं। राज्यमंत्री की पत्नी को गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।