विस्तार को रफ्तार: गुरु जंभेश्वर विवि तक फैलेगा मुरादाबाद, 100 हेक्टेयर में कॉलोनी और गांगन पर बनेगा पुल
मुरादाबाद के विस्तार की नई योजना में गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के आसपास 100 हेक्टेयर में आवासीय कॉलोनी विकसित की जाएगी। दिल्ली रोड को गांगन नदी पर पुल के जरिए रिंग रोड से जोड़ने के लिए पांच किमी लंबा नया मार्ग भी बनाया जाएगा।
विस्तार
मुरादाबाद का विस्तार अब गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के आसपास तक करने की तैयारी है। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) बोर्ड की 144वीं बैठक में विश्वविद्यालय के नजदीक करीब 100 हेक्टेयर क्षेत्र में नई आवासीय कॉलोनी विकसित करने की योजना को आगे बढ़ाया गया।
इसके साथ ही दिल्ली रोड को नया मुरादाबाद योजना से जोड़ते हुए गांगन नदी पर पुल और सिकंदरपुर के रास्ते रिंग रोड तक पहुंचने वाले नए मार्ग की योजना को भी मंजूरी दी गई। खुशहालपुर से 60 मीटर रोड तक 36 मीटर चौड़ा मार्ग बनाने का प्रस्ताव भी बैठक में शामिल रहा।
मंगलवार को एमडीए कार्यालय के सभागार में मंडलायुक्त संगीता सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर के भविष्य के विस्तार से जुड़े इन प्रस्तावों पर निर्णय लिए गए। डीएम अनुनय झा, एमडीए वीसी अनुभव सिंह, नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक समेत बोर्ड के सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी इसमें शामिल हुए।
बैठक में दिल्ली रोड को नया मुरादाबाद योजना से होते हुए गांगन नदी पर प्रस्तावित पुल के जरिए सिकंदरपुर क्षेत्र से रिंग रोड तक जोड़ने की योजना को मंजूरी दी गई। इसके तहत करीब 60 मीटर चौड़ा और पांच किलोमीटर लंबा नया मार्ग विकसित किया जाना प्रस्तावित है।
यह मार्ग शहर के मौजूदा यातायात दबाव को कम करने के साथ नए विकसित होने वाले क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने में अहम होगा। गांगन नदी पर पुल बनने से मार्ग की कनेक्टिविटी पूरी होगी।
गोविंदपुरम फेज-2 का लेआउट बोर्ड बैठक में पास
एमडीए बोर्ड ने गोविंदपुरम फेज-2 की योजना को भी आगे बढ़ाने पर निर्णय लिया। बोर्ड की बैठक में इस टाउनशिप का लेआउट पास हो गया है। इसमें क्षेत्र के विस्तार के साथ आवासीय और अन्य सुविधाओं के विकास की रूपरेखा तैयार की जाएगी। गोविंदपुरम में पहले से विकसित क्षेत्र के आगे विस्तार की संभावना के बीच फेज-2 को भविष्य की आवासीय जरूरतों से जोड़कर देखा जा रहा है।
वहीं, गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के नजदीक करीब 100 हेक्टेयर जमीन पर नई आवासीय कॉलोनी में आवासीय भूखंडों के साथ सड़क, जलनिकासी, बिजली और अन्य जरूरी आधारभूत सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए आसपास के मार्गों को भी विकसित करने की योजना है। इससे शहर का आवासीय विस्तार मौजूदा आबादी वाले क्षेत्रों से आगे बढ़ सकेगा।
ट्रांसपोर्ट नगर में एमडीए की जमीन पर पुराने व जर्जर कॉम्प्लेक्स को गिरा दिया गया है। अब यह जमीन एमडीए के दोबारा प्रयोग के लिए खाली है। एमडीए वीसी अनुभव सिंह ने बताया कि इस जमीन पर 16 प्लॉट काटे गए हैं। यहां काॅमर्शियल गतिविधि के लिहाज से ही सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
ट्रांसपोर्ट नगर में आने वाली गाड़ियों के लिए सर्विस सेंटर बनाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा शिवालिक योजना में फेज-2 और फेज-3 के नक्शे अब स्वीकृत होने लगेंगे। इसके लिए आयुक्त ने अनुमति दे दी है।
- गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के पास करीब 100 हेक्टेयर में नई आवासीय कॉलोनी
- दिल्ली रोड से नया मुरादाबाद होते हुए सिकंदरपुर तक 60 मीटर चौड़ा, पांच किमी मार्ग गागन नदी पर प्रस्तावित पुल को मंजूरी
- सिकंदरपुर के रास्ते नए मार्ग को रिंग रोड से जोड़ने की योजना खुशहालपुर से 60 मीटर रोड तक 36 मीटर चौड़ा मार्ग
- गोविंदपुरम फेज-2 को आगे बढ़ाने का निर्णय गोविंदपुरम में इंडोर स्टेडियम को मंजूरी