यूपी: एटीएस की पूछताछ के बाद युवक ने खाया जहर, अस्पताल में मौत, परिजन बोले- किया गया प्रताड़ित
रामपुर के स्वार में एटीएस की पूछताछ के बाद आसिफ ने जहरीला पदार्थ खा लिया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पूछताछ के दौरान प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
स्वार कोतवाली क्षेत्र के गांव गोविंदपुरा में सुरक्षा जांच एजेंसी की पूछताछ के अगले दिन शुक्रवार की सुबह आसिफ अली (24) ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे नगर के एसबीआर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रामपुर भेज दिया। परिजनों के मुताबिक, बृहस्पतिवार को मुरादाबाद से आई एटीएस की टीम आसिफ को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई थी।
शाम को उसे छोड़ दिया गया। आरोप है कि पूछताछ के दौरान उसे प्रताड़ित कर धमकाया गया, जिसके बाद से वह काफी घबराया और परेशान था। इस कारण शुक्रवार की सुबह उसने जहरीला पदार्थ खा लिया।
हालांकि, उसके इस कदम के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। चार भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर का आसिफ मूलरूप से गांव गोविंदपुरा का निवासी था और राजस्थान के पाली क्षेत्र में रहकर सिलाई का काम करता था।
करीब एक सप्ताह पहले ही वह गांव लौटा था। आसिफ के पिता मुहम्मद अहमद की कुछ वर्ष पहले माैत हो चुकी है जबकि आसिफ की मां भूरी गांव गोविंदपुरा में रहती है। सीओ हर्षिता सिंह ने बताया कि पूछताछ और युवक की मौत के बीच किसी तरह का संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पाकिस्तान निवासी शाहजाद भट्टी से संपर्क की आशंका
गांव में चर्चा है कि आसिफ का इंटरनेट मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान निवासी शाहजाद भट्टी से संपर्क था। इसी सिलसिले में सुरक्षा जांच एजेंसी की टीम ने उससे पूछताछ की थी। हालांकि, उसके संपर्क और पूछताछ के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। परिजनों को भी यह जानकारी नहीं है कि टीम किस मामले में उससे पूछताछ करने आई थी।
