पीड़ा की अनकही दास्तान: यूपी के इस जिले में कई अतुल सुभाष मदद की आस में, जानिए उनकी दर्द से भरी कहानियां
बंगलूरू के आईटी पेशेवर अतुल सुभाष की आत्महत्या ने लोगों को झकझोर दिया है। मुरादाबाद में भी 100 से ज्यादा लोग पत्नी और ससुरालियों की प्रताड़ना से जूझ रहे हैं। इन लोगों ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र दाखिल कर मारपीट, अपमान और बच्चों से संपर्क ना होने जैसी गंभीर समस्याओं का जिक्र किया है। उत्पीड़न से उनकी जिंदगी बर्बाद हो गई है और वे मान-सम्मान की हानि का सामना कर रहे हैं। पढ़ें उनकी दास्तां।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बंगलूरू के 34 वर्षीय आईटी पेशेवर अतुल सुभाष की आत्महत्या की चर्चा इन दिनों देशभर में चल रही है। आत्महत्या से पहले का वीडियो और सुसाइड नोट में लिखा गया एक-एक शब्द लोगों को झकझोर रहे हैं। अतुल सुभाष की तरह ही मुरादाबाद में भी 100 से ज्यादा लोग पत्नी और ससुरालियों की प्रताड़ना से तंग हैं। जिन्होंने कोर्ट में दाखिल किए गए प्रार्थनापत्रों में अपना दर्द बयां किया है।
इन लोगों ने पत्नी पर मारपीट, अभद्रता और बुजुर्ग मां-बाप की सेवा न करने और उनका अपमान करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दर्ज केस में समझौता करने के नाम पर उनसे लाखों रुपये की डिमांड की जाती है। कुछ पतियों का कहना है कि पत्नी बच्चों को लेकर मायके चली गई। अब वह न तो बच्चों का चेहरा देख पा रहे और न ही उनसे फोन पर बात हो रही है। इस उत्पीड़न से जिंदगी बेपटरी हो गई है। केस लड़ने में पैसों की बर्बादी हो रही है। समाज में मान सम्मान भी खो रहे हैं।
केस-एक: मां-बाप का सम्मान नहीं करती पत्नी, मेरे साथ करती है अभद्रता
सिविल लाइंस क्षेत्र में रहने वाले आकाश शर्मा ने कोर्ट में दाखिल किए प्रार्थनापत्र में बताया कि 12 मार्च 2022 उनकी शादी मझोला क्षेत्र में रहने वाली काजल दीक्षित के साथ हुई थी। आकाश कहना है कि वह सरकारी विभाग में संविदा पर कर्मचारी है। शादी के बाद से ही पत्नी ने उनका उत्पीड़न शुरू कर दिया था।
मोबाइल पर अनजान लोगों से बातचीत
कम सैलरी के ताने देने लगी और घरेलू काम करना बंद कर दिया। घर में मौजूद बुजुर्ग मां-बाप के साथ भी आए दिन अभद्रता करने लगी।दिन-रात वह मोबाइल पर अंजान लोगों से बातचीत करती है। टोकने पर उनके साथ अभद्रता और मारपीट भी की गई। इसकी शिकायत मायके वालों से की तो उन्होंने भी अपनी बेटी का ही साथ दिया और अपने साथ बुलाकर ले गए।
दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज
उलटे आकाश और उनके मां-बाप पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज करा दिया। पत्नी और मायके वाले आए दिन फोन पर भी अभद्रता करते हैं और जेल भिजवाने की धमकियां देते हैं। पीड़ित ने इससे तंग आकर कोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर पत्नी से तलाक और उसके के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
केस-दो: डॉक्टर से पत्नी ने मांगे 40 लाख, रकम न मिलने पर करा दिए छह मुकदमे
दिल्ली एम्स से एमबीबीएस पास आउट डॉ. विजय कुमार सरकारी अस्पताल में कार्यरत हैं। उनकी तैनाती मुरादाबाद में है। उन्होंने दो साल पहले मझोला क्षेत्र में रहने वाली दिव्या के साथ प्रेम विवाह किया था। डॉक्टर का कहना है कि शादी के कुछ दिन बाद ही पत्नी ने उन्हें तंग करना शुरू कर दिया। बहानों से रुपयों की मांग करने लगी। टोका टाकी करने पर धमकाने लगी। कई बार उसे रुपये भी दिए गए लेकिन उसकी डिमांड बढ़ती चली गई।
अलग-अलग छह केस दर्ज करा चुकी
डॉक्टर का कहना है कि उन्होंने पत्नी के मायके वालों से बात करने की कोशिश की तो उन्होंने भी प्रातड़ना शुरू कर दिया। डॉक्टर का कहना है कि पत्नी ने उनके खिलाफ अब तक अलग-अलग छह केस दर्ज करा चुकी है। बार-बार कोर्ट में तारीख पर आना पड़ता है। इन तारीखों में ही उनकी छुट्टियां खत्म हो गई। कुछ लोगों के साथ मिलकर पत्नी ने 40 लाख रुपये मांग की है।
पत्नी ने धमकी दी है कि अभी तो छह केस दर्ज कराए हैं अगर रकम नहीं दी तो और केस दर्ज कराएगी। जिससे आजिज आकर डॉक्टर ने भी पत्नी और उसके मायके वालों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कोर्ट में प्रार्थनापत्र दाखिल कर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
केस-तीन: पत्नी नहीं आती घर, ससुराल वाले करते हैं मारपीट
नागफनी क्षेत्र के रहने वाले राकेश की शादी तीन साल पहले उत्तराखंड के काशीपुर निवासी राधा के साथ हुई थी। वह प्राइवेट कंपनी में नाैकरी करता है। राकेश का कहना है कि शादी के बाद दस दिन ही पत्नी उसके साथ रही। इसके बाद वह अपने मायके चली गई। कई बार वह उसे बुलाने गया। लेकिन हर बार यह कहकर टाल दिया कि वह अगली बार साथ जाएगी। इसी बीच पत्नी ने उसके खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज करा दिया। उसने समझौता के लिए कहा तो पत्नी ने इन्कार कर दिया।
पत्नी और उसके मायके वालों ने की मारपीट
इसके बाद पत्नी को बुलाने गया तो वहां पत्नी और उसके मायके वालों ने राकेश के साथ मारपीट की। वह इतना तंग आ गया है कि उसने पत्नी को बुलाने के लिए नारी उत्थान केंद्र में प्रार्थनापत्र दे दिया। कई बार काउंसिलिंग की तारीख लगी लेकिन पत्नी और उसके मायके वाले तारीख पर नहीं आए। इसके बाद नारी उत्थान केंद्र से उसे सलाह दी गई कि वह कोर्ट में जाकर अपना प्रार्थनापत्र दाखिल करें।
केस चार: एक साल बाद ही प्रेम विवाह में पड़ी दरार
मझोला क्षेत्र में रहने वाले रोहित कुमार ने उसी मोहल्ले में रहने वाली शालिनी से पांच साल पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय तो दोनों के बीच सब कुछ ठीक ठाक चलता रहा। इसके बाद पत्नी ने घर में झगड़ना करना शुरू कर दिया। रोहित का कहना है कि उसने पत्नी को बहुत समझाने का प्रयास किया लेकिन पत्नी ने झगड़ा बंद नहीं किया। आए दिन रोहित के साथ मारपीट और अभद्रता की।
दहेज उत्पीड़न का केस
बाद में महिला ने युवक और उसके परिवार पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज करा दिया। इसके बाद भी पत्नी उसके साथ ही रही। युवक ने कहा कि जब तुम्हें इसी घर में रहना है तो केस दर्ज क्यों कराया है। इससे नाराज होकर महिला ने पति के पेट में चाकू से हमला कर दिया। युवती ने पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। उसी घटना को आधार बनाकर कोर्ट में केस दर्ज करा दिया है।
-
पहचान छिपाने के लिए कई नाम परिवर्तित किए गए हैं।