पटेहरा। वैश्विक महामारी में पीयूरी गांव के कोटेदार की ओर से कम राशन दिए जाने पर महिलाएं नाराज हो उठी। विरोध करने पर शुक्रवार को राशन लेने पहुंची महिलाओं को कोटेदार ने डांट डपट कर भगा दिया। कोटेदार के इस रवैए से कुछ महिलाएं न सिर्फ विफर उठीं बल्कि गोलबंद होकर कोटेदार के खिलाफ धरना प्रदर्शन भी किया।
महिलाओं ने कोटेदार पर राशन कम देने और तीन दिन से बिना राशन के लौटा देने का आरोप लगाया। शांति देवी, मुन्नी देवी, अंजू, धर्मराजी, अनिता, विजयी, कंचन राजकुमारी, चंदा ने कहा कि कोटेदार की ओर से यूनिट के बजाए लोगों को मनमाने ढंग से राशन दिए जा रहे हैं। किसी का एक यूनिट पूरा तो किसी को दो से तीन किलो राशन कम दिया जा रहा है। विरोध करने पर कोटेदार राशन कार्ड को फेंक देते हैं और डांटकर भगा देते हैं।
इस मामले में उपजिलाधिकारी मड़िहान शिवप्रसाद ने बताया कि मामला संज्ञान में है। सप्लाई इंपेक्टर को जांच के निर्देश दिए गए हैं। मामला सही पाए जाने पर कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।