मेरठ में तीन चरणों में लगाई जाएगी कोरोना वैक्सीन, टीका लगने के बाद 30 मिनट तक निगरानी में रहेंगे
मेरठ में कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगाने की तैयारी की जा रही है। लाभार्थी को प्रतीक्षा कक्ष में सूची से चिह्नित करने के बाद टीका स्थल पर भेजा जाएगा। यहां टीका लगने के बाद मरीज आधा घंटा चिकित्सक की निगरानी में रहेगा। दूसरा टीका 28वें दिन लगाया जाएगा। यह डाटा पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण से जंग जीतने की जोर-शोर से तैयारी की जा रही है। टीकाकरण के लिए पहले चरण में सरकारी अस्पतालों को टीकाकरण केंद्र के रूप में तैयार किया जा रहा है। जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज समेत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर वैक्सीन रखने की विशेष व्यवस्था की जा रही है।
केंद्रों पर डीप फ्रीजर की व्यवस्था पहले ही की जा चुकी है। तीन कमरों में टीकाकरण केंद्र बनाए जाएंगे। पहला प्रतीक्षा कक्ष होगा। इसमें टीकाकरण कराने वाले लाभार्थियों को बैठाया जाएगा। दूसरा टीकाकरण कक्ष होगा। यहां पर टीका लगाया जाएगा। इस कक्ष में एक-एक स्टाफ नर्स एवं एएनएम आदि मौजूद रहेंगे।
यह भी पढ़ें: मेरठ में पहली जनवरी से कोरोना के टीकाकरण की तैयारी, कोरोना योद्धाओं को पहले मिलेगी वैक्सीन
तीसरा अवलोकन कक्ष कहलाएगा। इसमें टीकाकरण के बाद संबंधित व्यक्ति को करीब आधा घंटा तक रहना होगा। यदि लाभार्थी को कोई परेशानी होती है तो उसकी देखरेख विशेषज्ञों की टीम करेगी। इसमें चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ शामिल है। वैक्सीनेशन के बाद आधा घंटा बाद ही लाभार्थी घर जा सकेंगे।
वहीं, सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन ने बताया कि प्रतीक्षा कक्ष में मास्क और शारीरिक दूरी का पालन कराया जाए। प्रत्येक लाभार्थी को अपने साथ फोटो पहचान पत्र लाना होगा। वैक्सीन को सीसीटीवी की निगरानी में रखा जाएगा।
अभी कुछ भी कहना मुश्किल
मेरठ। ब्रिटेन में मिले कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन ने इस जानलेवा वायरस के प्रति एकबार फिर सतर्क कर दिया है। हालांकि मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार का कहना है कि अभी इस बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल के प्रभारी डॉ. सुधीर राठी का भी ऐसा ही मानना है। उनका कहना है कि कई मरीज दोबारा संक्रमित हुए हैं परंतु कैसे यह साफ नहीं है। लिहाजा अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है।