बिग बॉस 20: फरारी कमेंट के बाद बुरी तरह ट्रोल हुए स्काउट, गुल्लू को बताए कई राज; जानें लव पर किए कैसे खुलासे?
- ‘बिग बॉस 20’ अब धीरे-धीरे आखिरी हफ्तों की तरफ बढ़ रहा है।
- इसी के साथ हर प्रतिभागी अपने-अपने गेम को गंभीरता से ले रहा है।
- हालिया एपिसोड में स्काउट ओपी ने अपने और लव गिल के बारे में काफी कुछ कहा।
- उनके गुल्लू से इस तरह की बातें शेयर करने के बाद गेमर को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है।
विस्तार
‘बिग बॉस 20’ के प्रतिभागी स्काउट ओपी और लव गिल के बीच का रिश्ता सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया था। इसके बाद स्काउट ने लव से दूरी बना ली। मगर गुरुवार को प्रसारित किये गए एपिसोड में स्काउट ने दूसरे प्रतिभागी गुल्लू के सामने कई ऐसी बातें बताई, जिन्हें कभी दर्शकों ने नहीं देखा। अब इस बात पर यूजर्स गेमर को जमकर ट्रोल कर रहे हैं।
गुल्लू के सामने स्काउट ने खोले राज
हाल ही में प्रसारित एपिसोड में स्काउट ओपी और गुल्लू रात में बात कर रहे थे। इसी बीच स्काउट ने कुछ ऐसी बातें गुल्लू को बताईं जिन्हें सुनकर गुल्लू के साथ दर्शक भी शॉक्ड रह गए। स्काउट ने बताया कि लव उन्हें 30 सेकेंड तक बिना कुछ बोले घूरती रहती थीं। उन्होंने एक बार मजाक में उनसे रोज अपने बालों में तेल मालिश करने बोला और उस दिन के बाद से वह दिन और रात दोनों समय उनके बालों में तेल लगाती रहीं। इतना ही नहीं, स्काउट ने आगे इशारों में बताया कि जब वह, लव और यंग एक बैड पर होते थे तब लव उन्हें लगातार पैर मारती रहती थीं। गेमर के मुताबिक यह सब उन्हें बहुत परेशान करने लगा था।
क्या है स्काउट का सबसे विवादित बयान?
स्काउट ओपी ने हालिया एपिसोड में ज्यादातर इल्जाम लव गिल पर डाले। उन्होंने मजाक में गुल्लू से यह भी कहा कि अगर तुम फरारी गाड़ी चला रहे हो और वो गैरेज में चली जाए तो उस वक्त जो भी गाड़ी मिलेगी तुम उसी से काम चलाओगे। उन्होंने कहा कि लव गिल उनके कपड़े धोती थीं। यहां तक कि उनके अंडरगारमेंट्स तक लव ने धोए हैं। लव के इन सभी कामों की वजह से वह उनके सामने गिल्ट में चले जाते और उनसे दोस्ती खत्म नहीं करते थे।
सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना
स्काउट ओपी के फरारी वाले बयान के बाद से ही उनकी सोशल मीडिया में जमकर ट्रोलिंग हो रही है। एक यूजर्स ने लिखा, ‘ काशवी एक फरारी है, लव एक चीप कार, इस पर गुल्लू कहता है मगर चीप कार भी मजा देती है। इसके बाद स्काउट ने कहा कि हां तुम सही कह रहे हो। काशवी को स्काउट के साथ रिश्ता खत्म कर देना चाहिए। यंग यह सब पहले ही समझ चुका था। यंग डीएसए एक मास्टरमाइंड है।’ वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, ‘स्काउट ओपी अपने लेवल से गिर चुका है। लव के चरित्र पर इस तरह की बात करना गलत है। इस बात तो वीकेंड के वार का हिस्सा होना चाहिए।’
आज के प्रोमो में क्या है खास?
हाल ही में रिलीज हुए 'बिग बॉस 20' के प्रोमो में अरिशफा और लव गिल लड़ती दिखाई देते हैं। पहले अरिशफा आती हैं और लव से पूछती हैं कि क्या उन्होंने उनके बारे में कुछ कहा है। इसके बाद लव अरिशफा से कहती हैं कि वह जाकर बच्चों का खान खाएं। इसके बाद गुस्से में अरिशफा कहती हैं कि लव के बारे में जितने भी बुरे कमेंट्स होते हैं वह सभी सच हैं।
