वेस्ट यूपी के जांबाज बॉर्डर पर आतंकियों से लोहा ले रहे हैं। पुलवामा में आतंकी हमले के बाद बॉर्डर पर तैनात जांबाज और उनके परिजनों में जबरदस्त जोश देखने को मिल रहा है। इस हमले में शहीद हुए मेरठ और शामली के जांबाजों के फोटो सोशल साइट पर अपलोड करके जवानों का उत्साह बढ़ाने का प्रयास चल रहा है।
सरहद की निगेहबानी में सबसे आगे यूपी के जांबाज, आर्मी अफसर भी इनके मुरीद, सर्च ऑपरेशन में दिखा रहे दम
गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, शामली, सहारनपुर सहित वेस्ट यूपी के जिलों से 435 जवान बॉर्डर पर तैनात बताए जा रहे हैं। सोशल साइट पर कई जवानों के नामों और उनकी रेजीमेंट की चर्चा भी है।
वेस्ट यूपी के जनपदों से ही सबसे ज्यादा युवा सेना में जाते हैं। शहीद अजय कुमार के गांव बसा टीकरी जानी से 14 युवक आर्मी में हैं। इसके अलावा भी मेरठ, गाजियाबाद, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों के युवाओं में सेना में जाने की होड़ है। बुलंदशहर के सैदपुर गांव में भी सेना का कैंप लगता है, जहां से युवकों की भर्ती होती है।
शहादत का बदला लो साथियों
पुलवामा में शहीद मेरठ के अजय कुमार की अंतिम विदाई मंगलवार को सोशल साइट पर लाइव चलाई गई। वहीं शामली के शहीद जवान प्रदीप कुमार और अमित कुमार के फोटो और वीडियो फेसबुक और व्हाट्सएप पर पोस्ट की गईं।
लोगों ने अपने अपने क्षेत्र के सेना में जवानों के फोटो शेयर कीं। साथ ही गुहार लगाई कि साथियों की शहादत का बदला लो। देश के लिए शहीद जवानों और उनके परिवार के प्रति लोगों में मोह भी दिखा। लोग खुद भी सेना में भर्ती होकर पाकिस्तान से लड़ने की बात कर रहे हैं।