जलस्तर बढ़ा : लगातार बारिश से बिजनौर में गंगा उफान पर, भूमि कटान ने बढ़ाई किसानों की चिंता, दहशत में ग्रामीण
आसपास के गांव में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। गंगा में सैकड़ों किसानों की हजारों बीघा जमीन समा गई है। इस समय गंगा बांध से मात्र 20 मीटर की दूरी पर बह रही है और कटान करना शुरू कर दिया है।
विस्तार
पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में बारिश होने के कारण गंगा और मैदानी क्षेत्र में बहने वाली नदियों में पानी का स्तर बढ़ने लगा है उत्तर प्रदेश के बिजनौर में गंगा किनारे रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। रावली क्षेत्र में गंगा ने बांध का कटान करना शुरू कर दिया है और आबादी की ओर बढ़ रही है ।
अब से पहले गंगा रावली बांध से शुक्रताल की ओर दो किलोमीटर दूर थी, लेकिन जैसे-जैसे पेड़ों का कटान हुआ, गंगा रावली आबादी क्षेत्र में बढ़ने लगी । जिस कारण रावली सहित दर्जनभर गांव में गंगा का पानी आ जाता है। जिससे ग्रामीण बहुत परेशान होते हैं । और उनको ऊंचे स्थानों पर जाकर रहना पड़ता है।
अभी कुछ दिन पहले 19 जून को पहाड़ों पर बारिश होने के कारण गंगा का जलस्तर खतरे के निशान पर चल रहा था, जिसमें रावली व भागूवाला क्षेत्र के रहने वाले वन गुर्जर बाढ़ में फंस गए थे। पुलिस प्रशासन ने रावली जाकर उन सभी को रेस्क्यू करके गंगा से बाहर निकाला था। बरसात के दिनों में मालन नदी का जलस्तर भी बढ़ जाता है।
जल स्तर बढ़ने से रावली, ब्रह्मपुरी,बाकरपुर गढ़ी, खानजहांपुर बहादर, बड़कला, शहजादपुर,भोगपुर ,चांदपुर, मंडावली ,सेवारामपुर और मुजफ्फरपुर केशो सहित दर्जनभर गांव में पानी भर जाता है । प्रशासन ने कुछ दिन पहले आई बाढ़ के मद्देनजर बांध के किनारे चार स्टड भी बनाए हैं, परंतु बांध का कटान लगातार जारी है।
आसपास के गांव में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। गंगा में सैकड़ों किसानों की हजारों बीघा जमीन समा गई है। इस समय गंगा बांध से मात्र 20 मीटर की दूरी पर बह रही है और कटान करना शुरू कर दिया है।
नजीबाबाद में क्षेत्र के अधिकांश नदियों में बढ़ा जलस्तर
नजीबाबाद क्षेत्र में हो रही वर्षा मालन, कोटावाली, लकड़हान और क्षेत्रीय नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। नांगल सोती में गंगा नदी का जल स्तर बढ़ने से गौसपुर में कृषि भूमि का कटान चल रहा है। आबादी की ओर गंगा के बढ़ने से लोग परेशान हो उठे हैं। वहीं लगातार हो रही बारिश से कटान अधिक बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
धामपुर में किसान खुश, पर जलभराव से लोग परेशान
देर रात से हो रही बारिश से किसान खुश नजर आ रहे हैं। किसानों का कहना है कि बारिश फसलों के लिए यह बारिश वरदान साबित हो रही है। वहीं दूसरी ओर शहर में जगह जगह जलभराव होने से लोग परेशान हैं।