मवाना। विकास खंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत ततीना में सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन हुआ। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा रोगियों की जांच कर दवाइयां दी गई।
ग्राम प्रधान हरीश चौहान की अध्यक्षता में संपन्न हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बृजमोहन आर्य उपस्थित रहे। इस दौरान पंचायती राज, ग्राम विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन और बाल विकास एवं पुष्टाहार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 40, आयुर्वेदिक विभाग द्वारा 36 और होम्योपैथिक विभाग द्वारा 10 मरीजों की जांच कर दवाइयां वितरित की गईं। वहीं पंचायती राज विभाग को शौचालय निर्माण के लिए चार आवेदन प्राप्त हुए और पशुपालन विभाग की ओर से पशुओं के उपचार के लिए दवाओं का वितरण किया गया। इस अवसर पर नोडल अधिकारी व जिला सेवायोजन अधिकारी सचिन कुमार सहित ब्लॉक के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।