भाजपा के बूथ अध्यक्ष की उंगली तोड़ी, ये रही विवाद की वजह
बागपत के नंगला बहलोलपुर गांव में जुताई के रुपये मांगने गए भाजपा के मवीकलां बूथ अध्यक्ष अजीत कौशिक पर किसान ने लाठी से हमला बोल दिया और लाठी मारकर उसके हाथ की उंगली तोड़ डाली। इस दौरान उसने भागकर जान बचाई।
वहीं इस संबंध में कोतवाली में तहरीर दी गई है। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मवीकलां गांव निवासी अजीत कौशिक पुत्र जगदीश प्रसाद ने बताया कि वह भाजपा का मवीकलां बूथ अध्यक्ष है। ट्रैक्टर से किराए पर खेतों की जुताई का काम करता है। उसने नंगला बहलोलपुर गांव के एक व्यक्ति के खेत की जुताई की थी। जुताई के एक हजार रुपये उधार है।
शनिवार दोपहर वह नंगला बहलोलपुर में एक हजार रुपये मांगने गया था लेकिन, किसान ने उसे रुपये देने से इनकार कर दिया। जब उसने वजह पूछी तो लाठी मारकर हाथ की उंगली तोड़ दी। उसने किसी तरह भागकर जान बचाई।
इसके बाद घायल कौशिक ने कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/