मेरठ। करीब ढाई साल पहले गौतम बुद्ध नगर में पान मसाला कंपनी के डायरेक्टर मनोज अरोड़ा को 263 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी में गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में सुनवाई के दौरान बृहस्पतिवार को स्पेशल सीजेएम विकास कुमार की अदालत में दो ट्रकों में भरकर माल पेश किया गया। लेकिन देर शाम तक कार्यवाही पूरी न होने पर अदालत ने शुक्रवार की तारीख नियत कर दी है।
विशेष अभियोजन अधिकारी लक्ष्य कुमार सिंह ने बताया कि दो वर्ष पूर्व केंद्रीय उत्पाद शुल्क विभाग के अधिकारियों ने छापा मारकर 263 करोड़ रुपये की केंद्रीय उत्पाद शुल्क की चोरी पकड़ी थी, जो पूर्वी पान मसाले की फैक्टरी अवैध रूप से चल रही थी। जिसमें छापा मारकर उक्त माल पकड़ा गया और कंपनी के डायरेक्टर मनोज अरोड़ा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। इस मुकदमे का विचारण स्पेशल सीजेएम मेरठ की अदालत में चल रहा है। आरोपी मनोज अरोड़ा तभी से जेल में है। वह कई बार अदालत में अर्जी देकर अपनी इच्छा मृत्यु की भी मांग कर चुका है। जिसका विचारण चल रहा है। विचारण के दौरान जो टैक्स चोरी का माल बरामद हुआ था, उसे अदालत में तलब किया गया, जिसको लेकर रिकवरी अधिकारी अधीक्षक लवी कुमार दूबे पेश हुए और अजित तिवारी की निगरानी में बरामद माल अदालत में पेश किया गया। लेकिन देर शाम तक माल पेश करने की कार्यवाही पूरी न होने के कारण अदालत ने शुक्रवार की तारीख नियत कर दी है। माल को मेरठ में ही सुरक्षित रखने का आदेश दिया गया है।