तस्वीरें: पल भर में खाक हो गए शादी के सपने, ये थी हादसे की बड़ी वजह, हुई थी तीन लोगों की मौत
भावनपुर के शेखपुरा गांव के पास चाचा-भतीजे समेत तीन लोगों की मौत की जिम्मेदार पुलिस भी है। मवाना रोड पर टोल शुल्क से बचने के चक्कर में शार्टकट से बड़े वाहन शेखपुरा मार्ग से निकलते हैं। बड़े वाहन चलने से उस मार्ग पर इतना भी रास्ता नहीं बचता कि बराबर से बाइक भी निकल जाए। बड़े वाहनों को रोकने के लिए हाइट गेज भी लगा हुआ है। इसके बावजूद चालक बड़े वाहन हाइट गेज के बराबर से कच्चे रास्ते से निकाल लेते हैं। लेकिन थाना पुलिस जानते हुए भी इसे नहीं रोकती। इसी लापरवाही के चलते सोमवार को यह हादसा हुआ। शेखपुरा के ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ पुलिसकर्मी बड़े वाहनों से वसूली करते हैं।
दरअसल, टोल शुल्क से बचने के लिए बड़े वाहन रजपुरा पुलिया के रास्ते से शेखपुरा गांव मार्ग से होते हुए किला परीक्षितगढ़ रोड पर पहुंच जाते हैं। किला परीक्षितगढ़ से मवाना रोड पर आने वाले वाहन और मवाना रोड से किला परीक्षितगढ़ रोड पर जाने वाले बड़े वाहन इसी शार्टकट से जाते हैं। जिससे उनकी जान भी जोखिम में रहती है।
मानवता शर्मसार... मदद के बजाय बनाते रहे मौत का वीडियो
जब ओवरलोड और ओवर हाइट कैंटर हाईटेंशन लाइन से टकराया तो चालक तो कैंटर से कूदकर भाग निकला, जबकि कैंटर का क्लीनर और पीछे बाइक पर आ रहे चाचा भतीजे जयवीर व जयभगवान निवासी गांव बढ़ला किलापरीक्षितगढ़ हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गए। क्लीनर ने करंट लगने पर कुछ ही दूरी तक दौड़ते हुए दम तोड़ दिया। जबकि बाइक सवार चाचा-भतीजे करंट लगने के बाद अपनी जान बचाने के चीखते चिल्लाते रहे। लेकिन मौके पर मौजूद सैकड़ों ग्रामीण मदद करने के बजाय उनकी मौत का वीडियो बनाते रहे।
इस दौरान किसी ने मदद करना तो दूर, बिजलीघर को फोन कर विद्युत लाइन बंद कराने की कोशिश नहीं की। आखिरकार चाचा-भतीजे ने तड़पते हुए दम तोड़ दिया। यही नहीं, इन ग्रामीणों ने मौत के इस वीडियो को वायरल करना शुरू कर दिया। वहीं, बाइक सवार महिला रिंकी करंट लगने पर दूर जाकर गिरी। लेकिन वह भी गंभीर रूप से घायल हो गई।