मुजफ्फरनगर: झगड़े की सूचना पर पहुंची डायल-112 टीम से हाथापाई, महिला ने किया दुर्व्यवहार, भेजा जेल
- डायल-112 टीम के साथ महिला ने किया दुर्व्यवहार, जेल भेजा
विस्तार
नई मंडी थाना क्षेत्र के मोहल्ला शांतिनगर निवासी महक सिंह ने गुरुवार सुबह डायल-112 पर कॉल कर पड़ोसियों पर झगड़ा करने का आरोप लगाया। सूचना पर डायल-112 की पीआरवी मौके पर पहुंची, जहां मौजूद गीता नामक महिला ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
पुलिसकर्मियों ने विरोध किया तो आरोपी महिला हाथापाई पर उतारू हो गई, जिसकी सूचना आला अफसरों को दी गई। इस पर कुछ ही देर में महिला पुलिसकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेते हुए थाने ले गई। बाद में आरोपी महिला गीता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।
छेड़छाड़ का विरोध करने पर पथराव, तीन घायल
खतौली में छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपी युवक ने पथराव कर दिया, जिस कारण युवती पक्ष के तीन लोग चोटिल हो गए। घायलों ने अपना उपचार अस्पताल में कराते हुए आरोपी के खिलाफ थाने में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है।
मोहल्ला निवासी एक महिला ने कोतवाली में पड़ोसी युवक के खिलाफ तहरीर देकर बताया कि आरोपी अपने घर की छत पर खड़ा होकर अपने कपड़े उतार कर उसके सामने अश्लील हरकत करता है। महिला ने बताया कि युवक की अश्लील हरकतों के कारण उसके परिवार की महिलाएं और युवतियों का घर से निकलना दूभर हो गया है।
गुरुवार को भी युवक ने परिवार की महिलाओं के सामने अश्लील हरकतें की, जिसका विरोध करने पर आरोपी युवक ने गालीगलौज करते हुए पथराव कर दिया। पथराव में परिवार के तीन सदस्य चोटिल हो गए। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर पुलिस से आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।