राजबब्बर ने योगी सरकार पर बोला तीखा हमला, जानें ये क्या कह गए अभिनेता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सहारनपुर के शब्बीरपुर में हुए बवाल के आठवें दिन शुक्रवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं अभिनेता राजबब्बर के नेतृत्व में कांग्रेसी नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल गांव में पहुंचा। यहां उन्होंने पीड़ित परिवारों से मिलकर घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि दूसरों का घर जला देना बहादुरी नहीं होती और न ही आपसी संघर्ष से किसी समस्या का समाधान होता है। उन्होंने सभी से आपसी सौहार्द कायम रखने की अपील की।
राजबब्बर की अगुवाई वाले कांग्रेसी प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को गांव शब्बीरपुर में घर-घर जाकर पीड़ित परिवारों का हाल चाल जाना। बाद में रविदास मंदिर में एकत्र महिलाओं की भीड़ के बीच प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उपद्रव के दौरान मंदिर में भगवान को भी नहीं बख्शा। गुस्सा किसी बात पर हो सकता है। लेकिन उसका मतलब घर जलाने से नहीं होता। उन्होंने कहा कि बाहर ना होते तो राहुल और सोनिया जी आप के बीच होते। वह उनकी बात को हाईकमान के पास पहुंचाकर हरसंभव मदद दिलाने की कोशिश करेंगे।
राजबब्बर जब मंदिर से गाड़ी में बैठकर सहारनपुर के लिए चले तो ठाकुर समाज की सैकड़ों महिलाओं ने उनके काफिले को गांव के दूसरे छोर पर घेर कर रोक लिया। कहा कि उनके परिवार के कई लोगों का नाम नहीं होने पर भी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह ज्यादती है। इस दौरान पूर्व विधायक इमरान मसूद ने ठाकुर समाज की महिलाओं के सामने हाथ जोड़कर शांति बनाने की अपील करते हुए कहा कि आप और दूसरा पक्ष घर पर बैठे रहो। हम इस विवाद का शांतिपूर्ण समझौता कराएंगे।
नाम लिए बिना लगाया भाजपा पर निशाना
शब्बीरपुर में पीड़ितों से मुलाकात के साथ ही राजबब्बर भाजपा शासित सरकार पर निशाना लगाने से नहीं चूके। भाजपा का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में भी झगड़े हुए लेकिन किसी के घर में आग नहीं लगाई। इस सरकार का फैशन हो गया है कि जहां भी विवाद हुआ है वहां आग जरूर लगाई गई। भाजपा का बिना नाम लिए कहा कि जब से केंद्र व प्रदेश में सरकार बनी है तब से सरकार की शह पर झगड़े हो रहे हैं। यदि उत्पीड़न हुआ तो कांग्रेस शब्बीरपुर गांव में ही पंहुच कर इसका विरोध करेगी। उनके साथ प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद, विधायक मसूद अख्तर, जिलाध्यक्ष शशी वालिया, सत्यम भूर्यान सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
रालोद नेताओं को शब्बीरपुर जाने से रोका
शब्बीरपुर गांव का हाल जानने पहुंचे राष्ट्रीय लोक दल के नेताओं को पुलिस ने गांव जाने से पहले ही महेशपुर में रोक दिया। लोकदल नेताओं ने बाद में थाने पहुंच कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष प्रकट किया। थाने पर रालोद के पूर्व सांसद मुंशी रामपाल सिंह ने कहा कि किसी भी समाज का उत्पीड़न नहीं होना चाहिए। वे तो गांव जाकर ग्रामीणों में अमन चैन की नींव बैठाना चाहते थे। लेकिन पुलिस ने उन्हें जाने नहीं दिया। महासचिव चौधरी धीर सिंह, पूर्व मंत्री योगराज, भूपेश्वर त्यागी, बॉबी त्यागी, अशोक चौधरी, अजीत राठी, सुधीर भारती, अर्जुन सिंह, रमेश चौहान, कृष्ण लाल व देवेंद्र पंवार आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।