उजैद गिरफ्तार: 10 महीने से कश्मीर पुलिस को दे रहा था चकमा, मोबाइल फोन बरामद, चैट्स खोलेंगी साजिश के गहरे राज
मेरठ के कोतवाली क्षेत्र से एटीएस ने उजैद को गिरफ्तार किया है। जम्मू-कश्मीर एयरबेस पर हमले की साजिश और पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी से संपर्क की आशंका के बीच पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के सैन्य एयरबेस पर फिदायीन हमले की साजिश की जांच में मेरठ से जुड़े संदिग्ध उजैद को एटीएस और पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया गया है। वह करीब दस महीने से पुलिस को चकमा दे रहा था। शहर के कोतवाली क्षेत्र में दबिश देकर उसे पकड़ा गया है।
पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। इसमें मौजूद संदिग्ध व्हाट्सएप चैट की फॉरेंसिक और तकनीकी जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में उजैद के पाकिस्तानी हैंडलर और शहजाद भट्टी गैंग के संपर्क में होने की आशंका जताई गई है। गिरफ्तारी की सूचना जम्मू-कश्मीर पुलिस को दे दी गई है।
यह भी पढ़ें: सियासी हलचल: मुजफ्फरनगर आ सकते हैं सीएम योगी, देंगे विकास कार्यों की सौगात, जनसभा की तैयारी शुरू
मोबाइल चैट्स से तलाशे जा रहे साजिश के सुराग
उजैद के मोबाइल फोन से मिली संदिग्ध व्हाट्सएप चैट को जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर उसकी बातचीत और संपर्कों की कड़ियां जोड़ रही हैं। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सैन्य एयरबेस पर हमले की योजना किसने तैयार की थी और इस पूरे नेटवर्क में उजैद की क्या भूमिका थी।
एजेंसियां यह भी जानने की कोशिश में हैं कि साजिश की तैयारी किस स्तर तक पहुंची थी और क्या इसके लिए कोई समयसीमा तय की गई थी। फिलहाल चैट्स की जांच के बाद ही इन सवालों के जवाब सामने आ सकेंगे।
पाकिस्तानी हैंडलर और भट्टी गैंग से संपर्क की पड़ताल
जांच का दायरा अब उजैद के मोबाइल और उसके व्यक्तिगत संपर्कों तक बढ़ा दिया गया है। पुलिस उसके डिजिटल नेटवर्क, विदेशी नंबरों और स्थानीय मददगारों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। जांच अधिकारियों को यह पता लगाना है कि उजैद सीधे पाकिस्तानी हैंडलर और शहजाद भट्टी गैंग के संपर्क में था या किसी बिचौलिए के माध्यम से उसे निर्देश मिल रहे थे।
फरारी के दौरान उसे स्थानीय स्तर पर किसी ने पनाह दी थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे और क्या किसी ने उसकी पहचान छिपाने में मदद की।
जम्मू-कश्मीर पुलिस को पहले भी दे चुका था चकमा
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के मुताबिक, कुछ महीने पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस इसी मामले में उजैद की तलाश में मेरठ आई थी। उस समय वह पुलिस टीम को चकमा देकर फरार हो गया था। इसके बाद से वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था।
लंबे समय से फरार उजैद के कोतवाली क्षेत्र में छिपे होने की सूचना मेरठ पुलिस को मुखबिर से मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। अब जांच एजेंसियां उसके मोबाइल से मिले डिजिटल साक्ष्यों और संपर्कों के आधार पर मामले की आगे की कड़ियां जोड़ रही हैं।
