#पुलवामा: हिंदू संगठन ने कश्मीरी लोगों को 24 घंटे में दी शहर छोड़ने की चेतावनी, जबरदस्त हंगामा
जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद देश भर में रोष और आक्रोश है। हर किसी की जुबान पर 'खून का बदला खून' की आवाज है। जवानों की शहादत का बदला लेने की मांग को लेकर पूरे भारत में जगह-जगह पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की जा रही है। इसी सिलसिले में यूपी के सहारनपुर में कुछ हिंदू संगठन के लोगों ने सोमवार को शहर के कुछ कश्मीरी लोगों के घरों के बाहर प्रदर्शन किया।
जिले के मोहल्ला गोपालनगर में कुछ हिंदू संगठन के लोग सोमवार को शहर में रह रहे कश्मीरी लोगों के घर के बाहर बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए। यहां जमा हुए संगठन कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कश्मीरी लोगों को शहर छोड़कर जाने की चेतावनी दी।
इस दौरान संगठन से जुड़ा एक व्यक्ति आर्मी की जैकेट और कैप पहनकर हिंदू संगठन के लोगों के साथ प्रदर्शन में शामिल हुआ। यहां प्रदर्शन करने पहुंचे लोगों ने एक मकान की बालकॉनी में बैठे बुर्जग कश्मीरी से चेतावनी देते हुए कहा कि पाकिस्तान ने हमारे देश के ऊपर हमला किया है, हमारे देश के सैनिकों को मारा है। उन्होंने कश्मीरी लोगों से 24 घंटे के भीतर शहर छोड़कर कश्मीर चले जाने की चेतावनी दी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/