{"_id":"590cd0f04f1c1b966b441044","slug":"police-station-love-before-down-family","type":"story","status":"publish","title_hn":"थाने में मोहब्बत के सामने घुटने टेक गई ‘ममता’ ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
थाने में मोहब्बत के सामने घुटने टेक गई ‘ममता’
अमर उजाला ब्यूरो/ मेरठ
Updated Sat, 06 May 2017 10:32 AM IST
विज्ञापन
फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिविल लाइन थाने में शुक्रवार को मोहब्बत के सामने ‘ममता’ घुटने टेक गई। मां गिड़गिड़ाती रही और बेटी प्रेमी के साथ शादी करने की जिद पर अड़ी रही। सीओ और इंस्पेक्टर ने कहा कि युवती बालिग है, वह जो वह कहेगी वही माना जाएगा। शाम को युवती के पिता तो मान गए, लेकिन मां अड़ी रही।
विज्ञापन
एमडीए का एक कर्मचारी अपने परिवार के साथ सिविल लाइन के प्रगतिनगर में रहता है। शुक्रवार को एमडीए कर्मचारी अपनी पत्नी और साले के साथ सिविल लाइन थाने पहुंचा। आरोप लगाया कि संजयनगर का नितिन उनकी बेटी (शिक्षिका) को परेशान करता और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देता है। इस बीच उनकी बेटी भी थाने पहुंच गई। उसने कहा कि उसके माता पिता ने झूठी तहरीर दी है। वह नितिन से प्यार करती है और उसी से शादी करेगी। इस बीच शिक्षिका ने नितिन को फोन कर उसे थाने में बुला लिया। नितिन समेत उसके परिजन और परिचित थाने पहुंच गए। शिक्षिका की मां उसको अपनी ममता का हवाला देकर समझाने लगी, लेकिन वह जिद पर अड़ गई कि वह अगर जिंदा रहेगी तो शादी नितिन से करेगी। मां-बेटी की घंटो बहस चली। मामला तूल पकड़ने लगा तो सीओ सिविल लाइन रितेश कुमार और इंस्पेक्टर सिविल विजय कुमार भी थाने पहुंच गए।
विज्ञापन
कानून से बड़ी ममता नहीं
पुलिसकर्मियों ने शिक्षिका के माता पिता को समझाया कि कानून से बड़ी ममता नहीं है। आपकी बेटी बालिग है, वह नितिन के साथ शादी करेगी तो उसको कोई नहीं रोक सकता। सीओ सिविल लाइन ने भी दोनों परिवार को समझाया कि जब प्रेमी युगल शादी करना चाहते है तो बीच में अड़चन क्यों लगा रहे है।
विज्ञापन
बेटी ने शादी की तो अर्थी उठेगी
शिक्षिका की मां ने चेतावनी दी कि अगर बेटी की शादी नितिन से हुई तो घर से डोली से पहले अर्थी उठेगी। पुलिस ने एमडीए कर्मचारी से कहा कि वह अपनी पत्नी को समझाए। शाम तक इस मामले को लेकर थाने में गहमागहमी का माहौल रहा। लेकिन शिक्षिका जिद पर अड़ी रही कि चाहे जो हो, शादी तो नितिन से करेगी।
साहब! प्रापर्टी के चक्कर में बेटी फंसा ली
एमडीए कर्मचारी ने बताया कि उसको बेटा नहीं है, तीन बेटियां हैं। एमए पास करने के बाद बेटी एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका है। नितिन की नजर उनकी करोड़ों की प्रॉपर्टी पर हैं। इसके चलते ही नितिन व उसके परिजनों ने उनकी बेटी को फंसाया है। जबकि नितिन और शिक्षिका ने कहा कि उनको सिर्फ आशीर्वाद चाहिए, प्रॉपर्टी से उनका कोई भी लेना देना नहीं हैं।
बसपा नेता ने कहा, वर्दी उतरवा दूंगा, दरोगा बोला-धज्जी उड़ा दूंगा
नितिन पक्ष से बसपा नेता दारासिंह प्रजापति कार्यकर्ताओं के साथ थाने में पहुंच गए। बसपा नेता बोले कि जब युवती शादी करने को तैयार है तो पुलिस को क्या आपत्ति है। इसे लेकर दरोगा धनवीर सिंह व बसपा नेता की जमकर बहस हुई। दरोगा ने बसपा नेता से पूछा कि तुम्हारी बेटी होती तो क्या करते, बसपा नेता बोले कि गोली मार देता। जिस पर दरोगा भड़क गए कि तुम दोनों परिवार को भड़का रहे हो। बहस हुई तो ने बसपा नेता ने दरोगा को वर्दी उतरवाने की धमकी दी। वहीं, दरोगा ने भी कहा कि धज्जी उड़ा दूंगा। मामला तूल पकड़ने लगा तो महिला कांस्टेबल ने दोनों को शांत किया। दरोगा ने बसपा नेता के खिलाफ जीडी में तस्करा डाल दिया है। दरोगा का कहना है कि बसपा नेता के खिलाफ शांति भंग करने के मामले में कार्रवाई की गई है। वहीं बसपा नेता ने कहा कि दरोगा ने अभद्रता की है। अगर मेरे खिलाफ कार्रवाई हुई तो वह दरोगा के खिलाफ धरना प्रदर्शन करेंगे।