न्यूटिमा विवाद: सपा विधायक अतुल प्रधान की पंचायत में जुटे समर्थक, प्रदेश अध्यक्ष भी पहुंचे, पुलिस ने रोके वाहन
मेरठ में कलेक्ट्रेट में अनशन पर बैठे सपा विधायक अतुल प्रधान आज पंचायत का आयोजन कर रहे हैं। इसमें कई जिलों से समर्थकों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में पुलिस-प्रशासन व खुफिया विभाग सतर्क है। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ में न्यूटिमा समेत निजी अस्पतालों के बिलों के विरोध में समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान का आमरण अनशन आठवें दिन भी जारी है। वहीं आज अतुल प्रधान के समर्थन में कमिश्नरी चौक पर आज पंचायत आयोजित की है। पंचायत पर सभी की निगाहें हैं। पंचायत में किसान संगठन, व्यापारी संगठन और विपक्ष के राजनीतिक लोग शामिल होने पहुंच रहे हैं। पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि सपा अतुल प्रधान के साथ है, उन्होंने जनहित का मुद्दा उठाया है। वहीं खुफिया विभाग भी सतर्क हो गया है। दोपहर को प्रदेश अध्यक्ष भी पंचायत स्थल पर पहुंच गए।
पंचायत को लेकर ग्रामीण क्षेत्र से भारी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद है। इसी को देखते हुए गंगानगर थाना पुलिस सतर्क है। पुलिस ने गंगानगर में कसेरुखेड़ा नाले पर ही बैरिकेडिंग कर दी है। वहीं, देहात की ओर से आने वाले ट्रैक्टर-ट्राॅलियों को रोकने की व्यवस्था की गई है। जैसे ही ट्रैक्टर ट्रॉलियों में सवार होकर समर्थक पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया और पैदल जाने के निर्देश दिए। वहीं भावनपुर पुलिस ने अतुल प्रधान की पंचायत मे शामिल होने ट्रैक्टर ट्रॉली मे जा रहे समर्थकों को पुलिस ने रोक लिया। इस दौरान पुलिस व समर्थन में तीखी नोकझोंक हुई।
एसपी देहात कमलेश बहादुर, सीओ सदर देहात प्रमोद कुमार, गंगानगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह, एसआई भूपेंद्र सिंह, एसआई विपिन कुमार आदि भारी संख्या में पुलिसबल के साथ जांच कर रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि महापंचायत में देहात से लोगों के आने की उम्मीद है। शहर में यातायात व्यवस्था ना बिगड़े, जिसको देखते हुए ट्रैक्टर-ट्राॅली में आने वाले लोगों को यहीं रोककर उन्हें पैदल ही पंचायत स्थल की ओर भेजा जाएगा। वहीं, किसी अन्य वाहन से आने वाले लोगों को नहीं रोका जा रहा है। मौके पर थाना पुलिस के साथ क्यूआरटी जवान भी मौजूद हैं। पुलिस ने सुविधा के लिए एक क्रेन व जेसीबी भी बैरिकेडिंग के पास खड़ी की हुई है।
सुविधा के लिए रुट बदला
सुविधा को देखते हुए लोग दिल्ली रोड या तेजगढ़ी की तरफ जाने के लिए सीएनजी पंप वाली इनर रिंग रोड को अपनाकर जेलचुंगी से होते हुए आगे बढ़ रहे हैं।
कलक्ट्रेट में अतुल प्रधान के आमरण अनशन के सातवें दिन सपा के राष्ट्रीय महासचिव पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि सपा चाहती है कि दवाई-पढ़ाई सस्ती हो, सिंचाई निशुल्क हो, मगर भाजपा के शासन में दवाई और पढ़ाई सबसे महंगी है।
सपा सभी डॉक्टरों और हास्पिटलों के विरोध में नहीं है, हम डॉक्टरों का सम्मान करते हैं, लेकिन उनके विरोध में है, जिन्होंने इस पेशे को व्यापार बना लिया है। महंगी चिकित्सा से जनता त्रस्त है। अतुल प्रधान के अनशन को शासन-प्रशासन को गंभीरता से लेना चाहिए। सरकार गरीब के घरों पर बुलडोजर चलवा देती है, यहां न्यूटिमा बिना मानचित्र के बना है, इस पर बुलडोजर क्यों नहीं चलवाया।
विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि गलत व्यवस्था के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी, जबकि मेरा कीटोन्स बढ़ता जा रहा है। इसके बावजूद भूख हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आज कमिश्नरी में होने वाली पंचायत में भारी भीड़ पहुंचेगी, लेकिन शासन-प्रशासन के निर्देश पर थानों की पुलिस, एसडीएम और अन्य अधिकारियों द्वारा लोगों को डराया धमकाया जा रहा है। लोगों को पंचायत में आने से रोका जा रहा है।
यह भी पढ़ें: दोस्त बने दुश्मन: बंटी हत्याकांड में बड़ा खुलासा, पहले शराब पिलाई फिर सिर कूचकर की हत्या, मोबाइल ने खोला राज
सीओ ने लिया जायजा
देर रात सीओ अरविंद चौरसिया अनशन स्थल पर पहुंचे और व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। इंटेलिजेंस की टीम पल-पल की अपडेट उच्च अधिकारियों को भेज रही है।
रंगारंग कार्यक्रम भी हुए
अनशन स्थल पर रविवार को अनेक संगठन के लोग पहुंचे। मेरठ उत्सव के नाम से कार्यक्रम में रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बच्चों ने योग के साथ, कराटे की कला, देशभक्ति के गानों पर नृत्य भी किया। भारतीय किसान यूनियन तोमर, किसान महासभा ने समर्थन दिया।