मुजफ्फरनगर: एनएचएआई पर 50 हजार का जुर्माना, ओवरब्रिज निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने पर हुई कार्रवाई
- प्रदूषण कम करने को शहर में पानी का छिड़काव कराया
- वायु सूचकांक मशीन को बंद कराया
- मैनुअल जांच में एक्यूआई 263 आया
विस्तार
भोपा रोड पर स्थित वायु सूचकांक मशीन ने शनिवार को एक्यूआई 357 दर्शाया, जिसे विभाग ने सही नहीं बताया। इस मशीन को कुछ समय से लिए बंद कर दिया गया। भोपा रोड और रेलवे रोड पर मैनुअल जांच की गई तो एक्यूआई 263 आया है।
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि भोपा रोड पर रखी वायु सूचकांक मशीन पेड़ों से घिरी होने के कारण सही रिडिंग नहीं दे रही थी, जिस कारण उसे छह घंटे लिए बंद कराया गया। यहां पेड़ों की छटाई कराई गई। भोपा रोड और रेलवे रोड पर पानी का छिड़काव कराया गया। इसके बाद मैनुअल जांच की गई तो एक्यूआई 263 आया है।
उन्होंने बताया कि नेशनल हाईवे पर भ्रमण के दौरान खतौली कट पर ओवरब्रिज के निर्माण के दौरान ग्रीन कवर डाले बिना ही मिट्टी का भराव किया जा रहा था, वहां पर मिट्टी से धूल उड़ती मिली है। जिस पर एनएचआईए पर 50 हजार रुपये का जुर्माना किया गया है।
जिले में लागू हुआ ग्रैप
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि जनपद में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान(ग्रैप) लागू कर दिया गया है। इसमें नगर निकायों, एमडीए, एआरटीओ, एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी आदि विभागों को भी प्रदूषण नियंत्रण और देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सुबह के समय छा रही धुंध
वायु प्रदूषण के बढ़ने के कारण रात और सुबह के समय धुंध छा रही है। शनिवार सुबह भी भोपा रोड, रेलवे रोड, स्टेशन, शहर के शिव चौक आदि स्थानों पर स्माग दिखाया गया।
पाबंदी के बावजूद जलाया जा रहा है कूड़ा
वायु प्रदूषण को कम करने के लिए कूड़ा और पराली जलाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। बावजूद इसके शहर में लगातार कूड़ा जलाया जा रहा है। शनिवार को भी भोपा रोड पर कई स्थानों पर कूड़ा जलता हुआ दिखाई दिया।