Muzaffarnagar: कांवड़ मार्ग पर फर्टिलाइजर फैक्टरी से गैस रिसाव, महिलाओं-बच्चों को सांस लेने में दिक्कत, हंगामा
मुजफ्फरनगर में कांवड़ मार्ग पर स्थित फर्टिलाइजर फैक्टरी से गैस रिसाव होने से अफरा-तफरी मच गई। महिलाओं और बच्चों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। वहीं नाराज लोगों ने हंगामा कर दिया। प्रदूषण विभाग जांच में जुटा है।
विस्तार
मुजफ्फरनगर जनपद के बुढ़ाना मोड़ स्थित कांवड़ मार्ग पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक फर्टिलाइजर फैक्टरी से गैस रिसाव की खबर सामने आई। गैस रिसाव के चलते आसपास के क्षेत्र में बदबू फैल गई और लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी, जिससे दहशत का माहौल बन गया।
खांजापुर और बुढ़ाना मोड़ क्षेत्र में महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। कुछ लोगों ने सिर दर्द, आंखों में जलन और त्वचा में खुजली की शिकायत भी की। हालात बिगड़ते देख स्थानीय लोगों ने फैक्टरी के बाहर हंगामा शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें: Meerut: ईंटों से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉला ने तीन युवकों को कुचला, मौके पर मौत... राहगीर को बचाते वक्त हुआ हादसा
सूचना पर पुलिस, प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायज़ा लिया। फैक्टरी के अधिकारियों से पूछताछ की गई और गैस रिसाव के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और फैक्टरी को बंद कराने की मांग की। लोगों का कहना है कि इस फैक्टरी की वजह से क्षेत्र में लगातार त्वचा रोग और सांस संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारियों ने नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। पुलिस और प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।