Mission 2024: हरिद्वार से गाजियाबाद तक चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे मुजफ्फरनगर के प्रत्याशी
चुनावी मुकाबले दिलचस्प होने लगे हैं। चुनावी मैदान में मुजफ्फरनगर जिले के रहने वाले प्रत्याशी हरिद्वार से लेकर गाजियाबाद तक अपनी धमक जता रहे हैं।
विस्तार
लोकसभा चुनाव के लिए सियासी उठापटक तेज हो गई। मुजफ्फरनगर के रहने वाले प्रत्याशी बाहरी सीटों से भी चुनाव मैदान में ताल ठोंक रहे हैं। बसपा ने हरिद्वार, नगीना और गाजियाबाद सीट पर जिले के नेताओं को प्रत्याशी बनाया है।
चुनावी मुकाबले रोचक मोड़ पर पहुंचने शुरू हो गए हैं। पहले चरण की अधिकतर सीटों पर नामांकन प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद चुनाव के समीकरण साफ होने लगे हैं। अलग-अलग राजनीतिक दलों में जिन नेताओं को मुजफ्फरनगर सीट पर मौका नहीं मिला, अब वह बाहरी सीटों पर चुनाव लड़ने पहुंच गए हैं।
यह भी पढ़ें: UP: छात्र नेता से MLA का सफर, अतुल अब लड़ेंगे लोकसभा चुनाव; दो बार हार के बाद BJP के फायरब्रांड नेता को हराया
इनमें बसपा ने सबसे ज्यादा तीन टिकट मुजफ्फरनगर के नेताओं को दिए हैं। उत्तराखंड की हरिद्वार सीट पर बसपा ने मीरापुर के पूर्व विधायक मौलाना जमील को प्रत्याशी बनाया है। मौलाना जमील बसपा के टिकट पर वर्ष 2012 में विधायक चुने गए थे, इसके बाद वह चुनाव नहीं जीत पाए हैं। इस बार उन्हें बसपा ने हरिद्वार सीट पर मौका दिया है।
पुरकाजी सुरक्षित सीट पर 2022 का चुनाव लड़ चुके एडवोकेट सुरेंद्र सिंह मैनवाल को बसपा ने इस बार सुरक्षित सीट नगीना से चुनाव मैदान में उतार दिया है। मैनवाल को जुझारू प्रत्याशी के तौर पर देखा जा रहा है।
मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट से भी वह बसपा के टिकट के दावेदारों में शामिल थे। शीर्ष नेतृत्व से हरी झंडी मिलते ही वह नगीना चुनाव लड़ने के लिए पहुंच गए हैं।
यह भी पढ़ें: सत्ता का संग्राम: अमर उजाला ने मेरठ में चाय पर की चर्चा, लोग बोले-जाट आरक्षण और विकास बड़े मुद्दे
बसपा ने ही गाजियाबाद सीट से मुजफरनगर निवासी नंद किशोर पुंडीर को प्रत्याशी बनाया है। पुंडीर लंबे समय से भाजपा में सक्रिय थे। मूल रूप से शामली के महावतपुर गांव के रहने वाले नंद किशोर पुंडीर ने भाजपा से टिकट की दावेदारी की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। अब वह बसपा के टिकट पर गाजियाबाद सीट से चुनाव लड़ने जा रहे हैं।
सियासी मुकाबले दिलचस्प मोड पर भी पहुंच रहे हैं। बसपा ने गाजियाबाद से नंद किशोर पुंडीर को प्रत्याशी बनाया है, जबकि उनकी पत्नी कविता पुंडीर मुजफ्फरनगर सीट पर राष्ट्रवादी जनलोक सेवक पार्टी सत्य की उम्मीदवार हैं। अलग-अलग पार्टी से पति-पत्नी चुनाव के मैदान में है।
निरस्त हो गया था नंद किशोर का नामांकन
भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद नंद किशोर पुंडीर ने बतौर निर्दलीय प्रत्याशी नामांकन किया था, लेकिन जांच में उनका नामांकन निरस्त हो गया। इसके बाद वह बसपा के शीर्ष नेतृत्व के संपर्क में आए और गाजियाबाद सीट से टिकट की दावेदारी की। उन्हें टिकट मिल गया है।
बिजनौर सीट पर चंदन चौहान प्रत्याशी
बिजनौर लोकसभा सीट का बड़ा हिस्सा मुजफ्फरनगर जिले का है। पुरकाजी सुरक्षित और मीरापुर विधानसभा सीट बिजनौर लोकसभा में आती है। मीरापुर से रालोद के विधायक चंदन चौहान भी बिजनौर लोकसभा से रालोद-भाजपा गठबंधन के प्रत्याशी हैं।