ये थी विवाद की असली वजह, अंतरराष्ट्रीय एथलीट से अभद्रता और पति से मारपीट का मामला
मेरठ जिले में महज 1960 रुपये के लेनदेन के विवाद में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय महिला एथलीट से अभद्रता तो उनके पति से मारपीट की गई। एथलीट ने इसकी शिकायत एसएसपी से की। सिविल लाइन पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी दुकानदार को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से तोपखाना लालकुर्ती निवासी पूनम तोमर अंतरराष्ट्रीय एथलीट है, जो देश को कई मेडल दिला चुकी हैं। वर्तमान में रेलवे में अधिकारी हैं और जंगपुरा दिल्ली में पति नरेश पाल (एथलेटिक कोच) के साथ रह रही हैं। बुधवार दोपहर दंपती मेरठ आया था और मवाना रोड स्थित कसेरू बक्सर में सामान खरीदने पहुंचा था। आरोप है कि इस दौरान एक युवक ने बाइक से उनकी होंडा सिटी कार का पीछा करना शुरू कर दिया। उसने बार- बार शीशे पर हाथ मारकर कार को रुकवाने का प्रयास किया।
कमिश्नर आवास चौराहे पर चेकिंग कर रही ट्रैफिक पुलिस की मदद से इस युवक ने होंडा सिटी कार रुकवा ली। आरोप है कि युवक ने एथलीट से अभद्रता करनी शुरू कर दी। उनके पति ने बीच-बचाव किया तो उनके साथ मारपीट की गई।
वहीं युवक ने आरोप लगाया कि उनकी दुकान से एथलीट ने 1960 रुपये का सामान लिया था। लेकिन उसका भुगतान नहीं किया। मामला तूल पकड़ने पर पुलिस दोनों पक्षों को सिविल लाइन थाने लेकर पहुंची। एथलीट ने इसकी शिकायत एसएसपी अजय साहनी से की।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में दुकान शिवम के खिलाफ एथलीट से अभद्रता करने और उनके पति से मारपीट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/