मनचलों के खौफ में बेटियां: तेजाब हमले तो किसी ने दी उठवाने की धमकी, दहशत में कॉलेज जाना-घर से निकलना छोड़ा
मेरठ पुलिस बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा के तमाम दावे करती है लेकिन हकीकत में ये दावे झूठे साबित हो रहे हैं। हर दिन बेटियां मनचलों के खौफ में जी रही हैं। कोई एसिड अटैक की धमकी देता है तो कोई सरेआम उठवा लेने की। पढ़ें मेरठ से क्राइम रिपोर्ट।
विस्तार
मेरठ के कंकरखेड़ा में मनचले के डर से युवती ने स्कूल व घर से बाहर निकलना छोड़ दिया है। आरोपी युवक छात्रा पर शादी का दबाव दे रहा है और मना करने पर उसने तेजाब डालने की धमकी भी दी। पीड़िता ने आठ महीने पूर्व भी पुलिस से शिकायत की थी। शनिवार को पीड़ित छात्रा ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई। एसएसपी ने कंकरखेड़ा पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।
थाना क्षेत्र की रोहटा रोड की एक कालोनी निवासी युवती ने शनिवार को एसएसपी से शिकायत करते हुए बताया कि वह हाईवे स्थित एक कॉलेज की छात्रा है। पड़ोस में रहने वाला युवक उसके साथ आए दिन छेड़छाड़ और अभद्रता करता है। पूर्व में भी छात्रा के परिजनों ने युवक के परिजनों को घटना से अवगत कराया था लेकिन युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा। इस कारण छात्रा का कॉलेज जाना भी छूट गया है।
आठ माह पहले भी मनचले ने छात्रा से की थी अभद्रता
कुछ दिन पूर्व वह सामान लेने के लिए दुकान पर गई थी, जहां आरोपी ने उसके साथ अभद्रता करते हुए शादी करने की बात कही। मना करने पर आरोपी ने जबरन उठा ले जाकर शादी करने और शादी नहीं करने पर तेजाब डालने की धमकी भी दी।
छात्रा ने एसएसपी को बताया कि आठ महीने पूर्व भी आरोपी ने उसके साथ अभद्रता की थी, जिसकी शिकायत थाना पुलिस से की थी लेकिन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की थी। कंकरखेड़ा थाना प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
मनचले ने दी उठाने की धमकी, बीए की छात्रा ने कॉलेज जाना छोड़ा
मेरठ के फलावदा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा मनचले की धमकी से दहशत में आ गई है। पीड़िता ने कॉलेज जाना बंद कर दिया है। शनिवार को एसएसपी ऑफिस पहुंची पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र दिया।
पुलिस के मुताबिक समसपुर गांव की रहने वाली छात्रा ने बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाला युवक पिछले कई दिनों से उसे रास्ते से उठाकर ले जाने की धमकी दे रहा था। इस बात का विरोध करने पर आरोपी और उसके परिवार के लोगों ने छात्रा के घर में घुसकर उसके परिवार की पिटाई कर दी। शिकायत के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके चलते पीड़िता का परिवार दहशत में है। एसएसपी दफ्तर में शिकायत सुन रहे सीओ ने फलावदा पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए।
छेड़छाड़ का विरोध करने पर मारपीट
मेरठ के लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के तारापुरी निवासी महिला ने तहरीर में बताया कि पड़ोसी युवक काफी समय से अश्लील छींटाकशी कर रहा था।
शनिवार को महिला के विरोध करने पर युवक ने छेड़छाड़ करते हुए उसे घर में खींचने का प्रयास किया। चीख पुकार सुनकर भीड़ जमा हो गई। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। सीओ कोतवाली अमित राय का कहना है कि केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: Baghpat: शूटर दादी प्रकाशी तोमर की हालत बिगड़ी, कैलाश अस्पताल में कराया शिफ्ट, सांसद से की सहायता की अपील
दहेज के लिए प्रताड़ना पर पांच के खिलाफ रिपोर्ट
दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने के मामले में पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नौचंदी थाना क्षेत्र के कल्याण नगर नारायण कुंज निवासी ऐश्वर्या पुत्री स्व. रविराज साहनी की शादी रोहतक के अर्बन ईस्ट निवासी विनीत विज के साथ मई 2021 में हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद ससुराल उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। इसी दबाव में जनवरी 2022 में उसके पिता की मृत्यु हो गई। जून 2022 में ससुराल वाले मारपीट कर उसे दादा के यहां छोड़ गए।
परामर्श केंद्र पर भी मामले का निस्तारण नहीं हुआ तो ससुराल वालों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। तलाक देने का भी दबाव बनाया। पुलिस ने पति विनीत विज, सास ऋतु विज, ससुर राजीव विज, ननद श्रुति और ननदोई हिमांशु के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
लूट और चोरी के दो आरोपियों पर गैंगस्टर लगा
लिसाड़ी गेट मदीना कालोनी निवासी आजाद उर्फ जुबैर उर्फ पीटर और समर गार्डन निवासी शकील के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में नौचंदी थाने में केस दर्ज किया गया है। दोनों के खिलाफ लूट चोरी, नकबजनी जैसे कई मुकदमे दर्ज हैं। एसपी सिटी पीयूष सिंह ने बताया कि दोनों बदमाश जेल में हैं। दोनों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
यह भी पढ़ें: West UP News Live: छात्र-छात्राओं ने बनाई जी-20 मानव श्रृंखला, पश्चिमी यूपी में मौसम सुहावना, बारिश के आसार
पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ दो नाबालिग पकड़े
कंकरखेड़ा थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात पुलिस खिर्वा फ्लाईओवर के पास चेकिंग कर रही थी। दिल्ली की तरफ से आ रहे बाइक सवार दो किशोरों को रुकने का इशारा। पुलिस को देखकर किशोर मौके से भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में पता चला कि किशोरों ने कुछ दिन पूर्व बाइक मुजफ्फरनगर से चुराई थी। वे बाइक को बेचने की फिराक में थे, बाइक का सौदा नहीं हो सका था। शनिवार को आरोपियों की एक युवक से बाइक खरीदने को लेकर बात हुई थी। आरोपी युवक से मिलने के लिए कंकरखेड़ा आए थे। पुलिस ने बाइक सीज कर दी। पुलिस ने शनिवार को दोनों किशोर को न्याय की हिरासत में जेल भेज।
गंगानगर में आई ब्लॉक गंगानगर निवासी कर्मचारी ने घरेलू विवाद में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस के मुताबिक विनोद (48) पुत्र फूल सिंह स्पोर्ट्स फैक्टरी में क्रिकेट बॉल बनाने का काम करता था। शुक्रवार रात दंपती का किसी बात पर विवाद हो गया। सुबह विनोद का शव बाथरूम में फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने बताया कि विनोद के तीन बच्चे हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर युवती से दुष्कर्म
टीपीनगर क्षेत्र में पड़ोसी युवक ने नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर युवती से दुष्कर्म किया। इसके बाद अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर दो साल तक अलग-अलग होटलों में ले जाकर उसका शोषण करता रहा। शनिवार को अपनी मां के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंची पीड़िता ने टीपीनगर पुलिस पर भी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने की शिकायत की।
शनिवार को बेटी के साथ एसएससी ऑफिस पहुंची महिला ने बताया कि दो साल पहले पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने जन्मदिन के बहाने उसकी बेटी को अपने घर बुलाया और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने युवती के अश्लील फोटो भी खींच लिए और फोटो को वायरल करने की धमकी देकर दो साल तक उसकी बेटी को हाईवे स्थित अलग-अलग होटलों में ले जाकर शोषण करता रहा। तंग आकर युवती ने मां को सारी बात बताई। आरोपी के खिलाफ टीपीनगर थाने में शिकायत की गई लेकिन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की।