West UP News Live: सहारनपुर में फैक्टरी मालिक ने की थी ऑपरेटर का हत्या, वाहन चोरी करने वाले पांच गिरफ्तार
वेस्ट यूपी में हुई बारिश ने गर्मी से लोगों को राहत दिलाई है। तापमान छह डिग्री तक लुढ़क गया है। मौसम विशेषज्ञों ने आज भी बारिश के आसार जताए हैं।
लाइव अपडेट
शामली में वाहन चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार
शामली शहर कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने वाहन चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच सदस्याें को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह के चार सदस्य अभी फरार है। पुलिस का कहना है कि शामली क्षेत्र से वाहनों को चोरी करने, बेचने वाले और काटने वालों का वालों का संगठित गिरोह चल रहा था। चोरी के वाहनों को दिल्ली में खपाया जा रहा था। । पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो कार और मोबाइल बरामद किया है।फैक्टरी मालिक का बेटा निकला ऑपरेटर का हत्यारा
सहारनपुर कोतवाली गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव कोलकी में बैटरी की फैक्टरी में हुए ऑपरेटर हत्याकांड का चौकाने वाला खुलासा हुआ है। ऑपरेटर का हत्यारा कोई ओर नहीं, बल्कि फैक्टरी मालिक का बेटा ही निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्याकांड का पर्दाफाश किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कबुल किया है कि ऑपरेटर उसके बड़े भाई की हत्या करना चाहता था। इसलिए हत्याकांड को अंजाम दिया गया।एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि गांव कोलकी में प्रमोद वालिया की बैटरी की फैक्टरी में थाना सरसावा के गांव पिलखनी निवासी साजिद पुत्र शौकत ऑपरेटर था। वह दिन रात फैक्टरी में रहता था। 14 सितंबर की रात सोते समय अज्ञात आरोपी ने सिर में धारदार हथियार से वार कर साजिद की हत्या कर दी। मृतक की बहन वरीसा ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। वारदात के खुलासे के लिए पुलिस टीम को लगाया गया। पुलिस ने शक के आधार पर प्रमोद वालिया के पुत्र विक्रांत उर्फ लक्की निवासी कोलकी को एक सूचना के आधार फ्लाइओवर के पास से गिरफ्तार किया। विक्रांत से पूछताछ की तो उसने सोते समय साजिद के सिर में रॉड मारकर हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर रॉड भी बरामद की।
सिद्धपीठ शाकंभरी देवी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सहारनपुर जनपद के शांकभरी सिद्धपीठ शांकभरी देवी में भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष में रविवार को साप्ताहिक अवकाश के चलते श्रद्धालुओ की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं की सुबह से ही माता के दर्शन के लिए लंबी लाइन लगनी शुरू हो गई थी।श्रद्धालुओ में उत्साह ऐसा था कि गर्मी की परवाह किए बगैर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। बुजुर्ग महिला व बच्चे श्रद्धालु हाथों में नारियल व चुनरी हाथ में लिए आगे बढ़ते हुए मां के जयकारे लगा रहे थे। कपाट खुलने से लेकर देर तक पूरी शिवालिक घाटी मां के जयकारो से गुंजायमान हो उठी।
वहीं भूरादेव पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बाबा भूरादेव के दर्शनों को जुटी रही। खराब मौसम एवम भीड़ के चलते पुलिस ने सभी वाहनों को गांव नागलमाफी में ही रोक दिया गया था।इसके बावजूद भी श्रद्धालुओ की आस्था कम नही हुई और मां के भक्त पैदल ही देवी दर्शनों को पहुंच रहे थे।कोतवाली प्रभारी राजेंद्र वसिष्ठ एवम शांकभरी चौकी इंचार्ज सतेंद्र सिंह घूम घूमकर भीड़ को नियंत्रित करने में लगे हुए थे।
आवास विकास करेगा 500 करोड़ की ई-नीलामी
मेरठआवास एवं विकास परिषद भी अब मेरठ विकास प्राधिकरण मेडा की तर्ज पर ई-नीलामी के जरिए ही संपत्तियां बेचेगा। इसकी शुरुआत की जा चुकी है। अब वर्ग मीटर वार भी ई-नीलामी होगी। आवास विकास 500 करोड़ से अधिक की विभिन्न संपत्तियों की मेरठ मंडल के अंतर्गत ई-नीलामी करेगा। 500 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल की संपत्ति की 27 सितंबर व इससे कम क्षेत्रफल की संपत्तियों की ई-नीलामी 17 अक्तूबर को होगी।
सहायक आवास आयुक्त केशव राम ने बताया कि मेरठ के अंतर्गत गाजियाबाद, बुलंदशहर, खुर्जा, खतौली व सहारनपुर की 500 करोड़ से अधिक की संपत्तियों की ई-नीलामी की जाएगी। गाजियाबाद की मंडोला योजना, वसुंधरा एवं सिद्धार्थ विहार योजना तथा सहारनपुर की शाकंभरी योजना को विशेष रूप से इसमें शामिल किया गया है। मेरठ की संपत्तियों के तहत शास्त्रीनगर योजना में 479.18 वर्ग मीटर का व्यावसायिक भूखंड और माधवपुरम योजना संख्या 10 में 7146 वर्ग मीटर से 8586 वर्ग मीटर तक के ग्रुप हाउसिंग भूखंड शामिल किए गए हैं। इसमें शास्त्रीनगर में जहां दर 64 हजार 64 रुपये प्रति वर्ग मीटर आरक्षित की गई है तो माधवपुरम में यह दर 30 हजार 492 रुपये प्रतिवर्ग मीटर रखी गई है।
तीन साल की बच्ची छत से गिरी, उपचार के दौरान मौत
मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र के जाकिर कॉलोनी निवासी तीन वर्षीय सानिया दो दिन पहले छत से गिरकर घायल हो गई थी। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां हालत को गंभीर देखते हुए उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया था। शनिवार सुबह उपचार के दौरान सानिया की मौत हो गई। जाकिर कालोनी निवासी आसिफ ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम उसकी तीन साल की बेटी सानिया छत पर खेल रही थी। पैर फिसलने से नीचे गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया था। शनिवार सुबह दिल्ली अस्पताल में उपचार के दौरान सानिया की मौत हो गई।
कोल गांव में बुखार से युवक की मौत
खरखौदा क्षेत्र के गांव कोल में पांच दिन से बुखार से पीड़ित सौरभ त्यागी (30) की शुक्रवार को मौत हो गई। मेरठ के एक निजी अस्पताल में युवक को डेंगू की पुष्टि हुई थी, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने ऐसी किसी जानकारी से इन्कार किया है। क्षेत्र के गांव कैली, पांची, कूड़ी, कबटटू, खासपुर, कौल बधौली, सेतकुआं, अजराड़ा सहित कई गांव में बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं।
गांव कोल निवासी राकेश त्यागी के अनुसार, उसका बेटा सौरभ त्यागी पांच दिन से बुखार से पीड़ित चल रहा था। सौरभ को खरखौदा में निजी चिकित्सक कहां दिखाया। बाद में उसे मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे डेंगू की पुष्टि की। सौरभ को दिल्ली के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां भी सौरभ को डेंगू की पुष्टि हुई। शुक्रवार को सौरभ की मौत हो गई। सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रफुल्ल वर्मा ने बताया कि युवक की मौत के बारे में जानकारी नहीं है। सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन ने बताया कि युवक को डेंगू की पुष्टि के बारे में जानकारी नहीं है। मेडिकल कॉलेज में युवक की जांच नहीं हुई थी।
मौसम खराब होने से बढ़ रहे बीमार, डेंगू के 21 मरीज मिले, दो बच्चे और 14 महिलाएं शामिल
जिले में डेंगू तेजी के साथ पैर पसार रहा है। शनिवार को 14 महिलाओं और दो बच्चों समेत डेंगू के 21 नए मरीज मिले। यह इस सीजन में एक दिन में मिले मरीजों की अब तक की सबसे ज्यादा संख्या है। मौसम खराब होने से बीमारों की संख्या बढ़ रही है।
ये मरीज ब्रह्मपुरी, कैंट, जानी, लल्लापुरा, कुंडा, जयभीमनगर, मकबरा डिग्गी, लल्लापुरा, नंगला बट्टू, दौराला, रजबन, रोहटा, सरधना और तहसील के रहने वाले हैं। सबसे ज्यादा पांच मरीज ब्रह्मपुरी क्षेत्र में मिले हैं, जबकि तीन-तीन मरीज दौराला व रोहटा में, कुंडा में दो मरीज मिले हैं। बाकी जगह एक-एक मरीज मिला है। इस साल अब तक डेंगू के 210 मरीज मिल चुके हैं। यह संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम के प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं।
मंडलीय सर्विलांस अधिकारी डॉ. अशोक तालियान ने बताया कि एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में 20-20 बेड के डेंगू वार्ड बनाए गए हैं। लोग घबराएं नहीं, डेंगू के मरीज एक सप्ताह में ठीक हो रहे हैं। प्लेटलेट्स कम होने पर लोग घबरा जाते हैं, जबकि यह जितने जल्दी कम होते हैं, उतनी ही जल्दी बढ़ भी जाते हैं। सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन ने लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है। घर या आसपास पानी भरा न रहने की सलाह दी है। मच्छरों से बचाव करने के लिए कहा है।
अवैध हथियार मामले में कुख्यात योगेश भदौड़ा दोषमुक्त
सिविल जज जूनियर डिवीजन कोर्ट संख्या-4 हरिहर गुप्ता ने कुख्यात योगेश भदौड़ा पुत्र भोपाल निवासी ग्राम भदौड़ा मेरठ को अवैध हथियार रखने के मामले में संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया।
आरोपी के अधिवक्ता अनिल कुमार बख्शी ने बताया कि 20 जुलाई 2020 को थाना रोहटा मेरठ में प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके अनुसार उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम भड़ौदा में आरोपी के घर हथियारों का जखीरा छिपा हुआ है। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक ने टीम के साथ आरोपी के यहां छापा मारा तो मौके से अवैध हथियार बरामद हुए।
हालांकि पड़ोस के लोगों ने गवाही देने से मना कर दिया था। कोर्ट में आरोपी के अधिवक्ता ने कहा कि आरोपी को पुलिस झूठा फंसा रही है। उन्होंने आरोपी के बेगुनाह होने के सबूत भी पेश किए। न्यायालय ने दोनों पक्षों को सुनकर पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्य को देखकर आरोपी को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया।
दो दिन में मेरठ में 38.4 मिमी बारिश हो चुकी है। रविवार को भी बारिश के आसार हैं। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ यूपी शाही ने बताया कि अगले 24 घंटे तक मौसम ऐसा ही रहेगा। अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं आंधी से फसल गिरने से किसानों को नुकसान हुआ है। शनिवार को मेरठ का एक्यूआई 43 दर्ज किया गया।