यूपी: हलाला का दबाव डाला तो महिला ने अपना लिया हिंदू धर्म, पुलिस से की कार्रवाई की मांग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ के मवाना में एक महिला को उसके पति ने तलाक दे दिया। इसके बाद उससे दोबारा शादी की बात आई तो उस पर हलाला का दबाव डाला गया जिसके बाद महिला ने हिंदू धर्म अपना लिया।
गुरुवार को महिला ने हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचकर मामले में तहरीर दी। महिला का आरोप है कि हलाला का दबाव डालने पर उसने हिंदू धर्म अपना लिया। इसके चलते ससुराल एवं मायके वालों ने उससे मारपीट की। महिला ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
हापुड़ निवासी एक महिला की शादी 18 साल पहले मवाना निवासी युवक से हुई थी। दोनों के पांच बच्चे हैं। पति फेरी लगाकर कपडे़ बेचता है। पति पर बीमारी और मकान बनाने के चलते कर्ज हो गया था।
आरोप है कि पति कर्ज उतारने के लिए महिला पर गलत कार्य करने का दबाव बनाने लगा। उसे गलत काम के लिए एक बार नेपाल भी भेजा था, लेकिन वह बचकर निकल आई। यहां आकर उससे मारपीट की गई और जलाकर मारने का प्रयास किया। पति ने उसे एक साल पहले तलाक दे दिया। इसके बाद मायके पक्ष ने दोबारा पति के साथ रहने का दबाव बनाया।
महिला ने हलाला प्रथा का विरोध किया और शादी से इंकार कर दिया। क्षुब्ध होकर उसने मेरठ में आकर हिंदू धर्म अपना लिया। महिला कस्बे में ही किराए के मकान में रहने लगी। उसका आरोप है कि मायके पक्ष के लोग गुरुवार को उसके पास आए और मारपीट की। किसी तरह महिला वहां से बच निकली। पुलिस ने महिला को मामले में उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
ऐसे नहीं किया जा सकता धर्म परिवर्तन
महिला का कहना है कि उसने नोटरी कराकर हिंदू धर्म अपनाया है। लेकिन रजिस्ट्रार शांति भूषण चौबे ने बताया कि नोटरी कराकर हिंदू धर्म अपनाने का कोई नियम नहीं है। धर्म परिवर्तन आर्य समाज द्वारा कराया जाता है। इसलिए महिला की बात संदिग्ध प्रतीत हो रही है। मामला गंभीर है। जांच कर रहे हैं। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। - विनय आजाद, थाना प्रभारी मवाना