एक्सक्लूसिव: चीन से हुए विवाद ने दिखाई नई राह, अब फिटनेस उपकरणों के कारोबार में चमकेगा शहर
क्रिकेट किट, कैरमबोर्ड व इंडोर आइटम के लिए अपनी पहचान बना चुका मेरठ अब फिटनेस उपकरणों के कारोबार में भी चमकेगा। शहर में कई खेल उपकरण निर्माता जिम और फिटनेस उपकरणों के निर्माण उद्योग से जुड़ने जा रहे हैं। आने वाले दो से तीन महीनों में शहर में कई नई फिटनेस उपकरण इकाइयां शुरू होंगी, जो जिम उपकरणों से लेकर अन्य उपकरण बनाकर निर्यात भी करेंगी।
जिले में पांच से छह बड़े खेल उपकरण निर्माता इकाइयां जल्द जिम और फिटनेस उपकरणों के निर्माण कारोबार से जुड़कर निर्यात भी शुरू करेंगी। इन इकाइयों ने उद्योग विस्तार पर काम शुरू कर दिया है। मार्च में ये इकाइयां प्रारंभ हो सकती हैं।
कोरोना के कारण बदलना पड़ा रुख
कोरोना के दौरान हुई तालाबंदी में खेल उपकरण निर्माता कंपनियों को खासा नुकसान हुआ है। मैदान पर होने वाले खेल क्रिकेट, बॉलीवॉल, फुटबॉल, टेनिस पूरी तरह बंद हैं। स्टेडियम बंद रहे, स्कूल बंद रहे। न मैच हुए न अभ्यास हुआ। ऐसे में आउटडोर खेल उपकरणों की मांग पूरी तरह गिर गई। इन उपकरणों को बनाने वाली इकाइयों को खासा नुकसान उठाना पड़ा। इकाइयों ने इस दौरान पीपीई किट और मास्क बनाकर खुद को बचाए रखा। इस नुकसान को झेलने के बाद अब औद्योगिक इकाइयां फिटनेस व जिम उपकरणों के निर्माण की ओर बढ़ रही हैं।
इंडोर व फिटनेस आइटम का बड़ा बाजार
लॉकडाउन में सभी जिम, शारीरिक गतिविधियां, खेल सब बंद थे। ऐसे में लोगों ने खुद को फिट रखने के लिए घरों में ही जिम बनाना शुरू कर दिया। घरेलू फिटनेस उपकरणों की मांग में 70 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है। साइकिल, ट्रेडमिल, डंबल, रॉड, ट्विस्टर सहित अन्य जिम उपकरणों की पिछले पांच महीने से काफी मांग है। फिटनेस उपकरणों के बढ़ते बाजार को देखते हुए उद्यमी अब इस ओर जाने की योजना बना रहे हैं।
यह भी पढ़ें: टिकैत का एलान- फैसला चाहे जो हो, 25 को दिल्ली कूच करेंगे किसान, संगठनों से सहयोग का आह्वान
चाइना से विवाद ने दिखाई राह
फिटनेस व जिम उपकरणों के निर्माण में चाइना सबसे बड़ा उत्पादक देश है। कोरोना महामारी और चाइना से बढ़ते विवाद के बीच चाइना से जिम उपकरणों की आयात घटा है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में चाइना के फिटनेस उपकरणों की मांग घटी है। ऐसे में अन्य देश भी फिटनेस उपकरणों के लिए भारत पर आश्रित हो रहे हैं। घरेलू बाजार के अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिटनेस उपकरणों की बढ़ती मांग से उद्यमी इस सेक्टर की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
- पिछले एक साल से आउटडोर एक्टिविटी पूरी तरह बंद हैं। हम एथलेटिक्स आयटम बनाते हैं लेकिन कोरोना के कारण इन उपकरणों की मांग में भारी गिरावट आई है। फिटनेस सेक्टर में अच्छा बूम है इसलिए फिटनेस सेगमेंट से जुड़ रहे हैं। ताकि कुछ नया कर सकें। अंबर आनंद, निदेशक नेलको इंडस्ट्रीज
- कोरोना के कारण क्रिकेट बंद हैं, बल्ले, गेंदों व दूसरे आयटम की सेल घटी है। लेकिन फिटनेस इंडस्ट्री में बूम आया है। इसलिए इस सेक्टर में नई शुरुआत करने की योजना है। अनिल सरीन, निदेशक एसएफ
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/