UP: जिगर के टुकड़ों पर हादसों का कहर, दुनिया से चले गए मां के दो लाल, सूना हुआ आंचल, हर तरफ पसरा मातम
Meerut News : मेरठ के देहात क्षेत्रों में हादसों का ऐसा कहर बरपा, जिनमें दो घरों के चिराग बुझ गए। अलग-अलग हादसों में हुई दो युवकों की मौत से परिवारों में कोहराम मचा है। वहीं, दोनों मृतकों की मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
विस्तार
मेरठ जनपद के देहात क्षेत्रों में अलग-अलग हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवकों की मौत से परिवार वालों में कोहराम मचा है और गांवों में मातम पसरा है। वहीं, दोनों मृतकों की मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसा - 1
दौराला में दौराला-सरधना मार्ग पर आर्गेनिक फैक्टरी के सामने रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बताया गया कि दौराला-सरधना मार्ग पर हो रहे गहरे गड्ढे में बाइक का पहिया पड़ने से दो युवक घायल हो गए। वहीं, उपचार के दौरान शामली जिले के ताना गांव निवासी 24 वर्षीय साहिल की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना बिनौली के पूठी धनौरा निवासी सोनू रविवार को बाइक से अपने ममेरे भाई थाना शामली के गांव ताना निवासी साहिल के साथ मवाना में अपनी बहन से मिलने जा रहा था। दौराला-सरधना मार्ग पर आर्गेनिक फैक्टरी के सामने सड़क में हो रहा गहरा गड्ढा बाइक सवार को दिखाई नहीं दिया। गड्ढे में पहिया पड़ने से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। जिस कारण बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने दोनों घायलों को सीएचसी दौराला में भर्ती कराया। जहां, उपचार के दौरान साहिल ने दम तोड़ दिया।
वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी लेते हुए मृतक के परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। इसके बाद परिजन दौराला थाने के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि सरधना से मसूरी तक मार्ग पर गहरे-गहरे गड्ढे हो रहे हैं। सरधना मार्ग और लावड़ में सब्जी मंडी के पास सबसे अधिक हालात खराब है। लगभग डेढ़ सप्ताह पहले एक टेंपो भी गड्ढे के चलते अनियंत्रित होकर पलट गया था। जिस हादसे में लगभग 12 लोग घायल हुए थे।
हादसा - 2
बोलेरो कार की टक्कर लगने से बाइक सवार की मौत, दो घायल
मेरठ में भावनपुर थाना के गांव किनानगर निवासी दीपक पुत्र गंगाराम अपने दोस्त अभिषेक पुत्र विक्रम व सन्नी पुत्र दारा सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर मेरठ की ओर जा रहा था। जब वे गांव अब्दुलापुर के समीप पहुंचे तो उनकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया, जिस पर तीनों दोस्त बाइक को पैदल लेकर चल दिए। वहीं, बाइक पेट्रोल पंप के समीप पहुंची तभी पीछे से तेज गति से आ रही बोलेरो कार ने जोरदात टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों युवक बुरी तरह घायल हो गए।
वहीं, टक्कर मारने के बाद बोलेरो कार कुछ दूरी पर जाकर एक ट्रक से टकरा गई और क्षतिग्रस्त होकर बंद हो गई। उधर, आसपास के लोगों ने घायल तीनों युवकों को उपचार के लिए निजी नर्सिंग होम मे भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान दीपक की मौत हो गई। अन्य दो युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है।
वहीं, सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की पूरी जानकारी ली। पुलिस बोलेरो कार और दो युवकों को हिरासत में ले लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें: बेसहारा हुईं तीन बेटियां: पति की हत्या कर पत्नी गई जेल, बेटी बोली- मम्मी कहती थी पापा को रास्ते से हटा देंगे
परिवार मे मचा कोहराम
गांव किनानगर निवासी दीपक की सड़क हादसे में मौत होने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, बेटे की मौत से मां विमलेश सदमे में है।
यह भी पढ़ें: कलेजा चीर रही ये वारदात: बेड पर पड़ी थी लाश, बच्चे रोते हुए बोले- मम्मा उठ जाओ, हमारे लिए नाश्ता कौन बनाएगा