बेसहारा हुईं तीन बेटियां: पति की हत्या कर पत्नी गई जेल, बेटी बोली- मम्मी कहती थी पापा को रास्ते से हटा देंगे
Meerut Murder Case : पति की हत्या के मामले में पत्नी जेल चली गई। अब उनकी तीन बेटियां बेसहारा हो गईं। मासूम बेटी कृतिका ने बताया कि मम्मी कहती थी पापा को रास्ते से हटा देंगे।
विस्तार
मेरठ में खरखौदा क्षेत्र के फफूंडा के 40 वर्षीय धर्मवीर की हत्या के मामले में उसकी पत्नी संतलेश की गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले का राजफाश हो गया। एसपी देहात कमलेश बहादुर ने बताया कि संतलेश के प्रेमी जाहिदपुर गांव निवासी सौरभ ने पहले नशीली गोलियां मिलाकर शराब पिलाई थी। इसके बाद पत्नी ने धर्मवीर को नदी में धक्का दे दिया था।
एसपी देहात के मुताबिक किताबों की फैक्टरी में काम करने के दौरान सौरभ और संतलेश में संबंध हो गए थे। कुछ समय पहले धर्मवीर ने अपनी जमीन बेची थी, जिसके पांच लाख रुपये संतलेश के खाते में जमा कराए गए थे। संतलेश ने थोड़ी-थोड़ी रकम अपने प्रेमी सौरभ को भेज दी थी। धर्मवीर को इसका पता चला कि उसने संतलेश के साथ मारपीट कर दी थी। इस बीच धर्मवीर बीमार भी चल रहा था।
छानबीन में पता चला कि 26 जून को संतलेश उसे उपचार के लिए शाहदरा लेकर गई। वहां से 27 जून को उसे वापस लेकर खरखौदा पहुंची। खरखौदा बाईपास पर संतलेश का प्रेमी सौरभ और उसके दो साथी मिले। सौरभ ने नशे की गोलियां मिलाकर शराब धर्मवीर को दे दी। इससे धर्मवीर को अधिक नशा हो गया था। इसके बाद संतलेश समेत चारों आरोपी बाइक पर धर्मवीर को बैठाकर असरा की ओर जाने वाले रास्ते पर काली नदी के पुल पर पहुंचे। यहां धर्मवीर को नशे की हालत में बाइक से उतारा और संतलेश ने उसे काली नदी में धक्का दे दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी में डूबने के कारण मौत की पुष्टि हुई है।
पत्नी ने कराई घटनास्थल की निशानदेही
धर्मवीर की पत्नी संतलेश की गिरफ्तारी के बाद खरखौदा थाना पुलिस उसे लेकर काली नदी के पुल पर भी पहुंची। वहां पर घटनास्थल की निशानदेही कराई गई। इसमें संतलेश ने बताया कि उसने धर्मवीर को कैसे धक्का दिया था। संतलेश को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि प्रेमी और उसके दो साथी फरार हैं।
पिता की हत्या, मां जेल में, बेसहारा हुई तीन बेटियां
धर्मवीर के परिवार में उसकी तीन बेटियां हैं। बड़ी बेटी 10 वर्षीय कृतिका, दूसरी नौ वर्षीय अंशु और तीसरी चार वर्षीय मुनमुन है। धर्मवीर तीनों बेटियों व पत्नी के साथ अपने छह भाइयों से अलग रहता था। धर्मवीर की हत्या के बाद बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया है। मां के जेल जाने के बाद उन्हें संभालने वाला भी कोई नहीं है। हालांकि परिवार के लोग उन्हें दिलासा दे रहे हैं।
मम्मी कहती थी पापा को रास्ते से हटा देंगे : कृतिका
इस प्रकरण के बाद बड़ी बेटी कृतिका अपनी मां को कोस रही है। वह बार-बार कह रही थी कि उसकी मम्मी हर समय फोन पर सौरभ से बात करती थी। वह कई बार कह चुकी थी कि पापा को रास्ते से हटाकर सभी आराम से रहेंगे। उसने कई बार मम्मी संतलेश और सौरभ को बातचीत करते हुए भी सुना था।
यह भी पढ़ें: टूट गईं रिश्तों की डोर: तड़पती रही तमन्ना, वीडियो बनाते रहे लोग, खून-खराबे में बदलीं निकाह की खुशियां
यह था मामला
फफूंडा निवासी धर्मवीर का शव बुधवार को हापुड़ में मिला था। शक के आधार पर बृहस्पतिवार को उसकी पत्नी संतलेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जिसने बताया कि उसने प्रेमी सौरभ और दो अन्य के साथ मिलकर धर्मवीर की हत्या की है।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: दर्दनाक हादसे में युवक की मौत, तहसील दिवस में नहीं पहुंचे 20 अधिकारी, डीएम ने रोका वेतन