मेरठ: शादी के दिन घर में घुसकर बदमाशों ने उड़ाए एक करोड़ के सामान, परिवारवालों के उड़े होश
मेरठ के लालकुर्ती क्षेत्र के मैदा मोहल्ले में रविवार रात बदमाशों ने फाइनेंसर के घर में ताले तोड़कर नगदी समेत करीब एक करोड़ की चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। रात में एक रेस्टोरेंट में फाइनेंसर की बेटी के शादी का कार्यक्रम चल रहा था। जब दुल्हन की मां और भाई घर पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई।
मैदा मोहल्ला निवासी अमरजीत उर्फ पप्पू सोनकर का फाइनेंसर का काम है। अमरजीत के दूसरे भाई व्यापारी जीत सिंह सोनकर भी इन्हीं के मकान से सटे मकान में रहते हैं। रविवार रात जीत सिंह की बेटी की शादी का कार्यक्रम वोल्गा रेस्टोरेंट में चल रहा था। बारात दिल्ली से आई हुई थी। इस दौरान दुल्हन की ज्वेलरी और अन्य नगदी व शादी समारोह में आए अन्य रिश्तेदार महिलाओं की ज्वेलरी भी फाइनेंसर अमरजीत सोनकर के घर में रखी हुई थी।
रात करीब 11:30 बजे बदमाशों ने बंद मकान के ताले तोड़ दिए और मकान में घुस गए। सेफ और बेड में रखी करीब 40 से 50 लाख रुपए कैश चोरी कर लिया। जबकि भारी मात्रा में सोने की ज्वेलरी भी चोरी की गई है। रात में जब जीत सिंह की पत्नी बेबी और बेटा आशीष सोनकर घर पहुंचे तो ताले टूटे देखकर परिवार के होश उड़ गए।
चोरी की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर लालकुर्ती दिलीप शर्मा मौके पर पहुंचे । बताया गया है कि करीब 40 से 50 लाख रुपए कि ज्वेलरी चोरी की गई है। क्योंकि कारोबारी की दूसरी बेटी की 2 महीने बाद शादी होनी है । उनकी शादी के लिए भी जेवर खरीद कर फाइनेंसर के घर पर ही रखा हुआ था। फाइनेंसर अमरजीत सोनकर के भाई जीत सिंह का रोड़ी डस्ट का काम है।
पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक महिला और चार अन्य युवक नजर आए। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर को कब्जे में ले लिया है। चोरी करने वाले बदमाशों ने एक युवक पैर से दिव्यांग बताया गया है, जो लंगड़ा कर चल रहा था।