Meerut: रात को शौच के लिए बाहर गई किशोरी से दुष्कर्म, मेडिकल के दौरान सीएचसी में पीड़िता से अभद्रता का आरोप
मेरठ के सरूरपुर में किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मेडिकल जांच के लिए सीएचसी पहुंची पीड़िता से वार्ड बॉय द्वारा कथित अभद्रता का वीडियो भी सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार
मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी के साथ कथित दुष्कर्म की घटना सामने आई है। बताया गया कि बुधवार रात किशोरी शौच के लिए घर के बाहर गई थी, जहां गांव के ही एक युवक ने उसे अकेला पाकर आपराधिक हरकत की। किशोरी की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, जिन्हें देख आरोपी भाग गया।
घटना के तुरंत बाद परिजन किशोरी को लेकर थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के लिए भेजा और आरोपी मुबासिर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
यह भी पढ़ें: Meerut: ताक पर रखे नियम, जेसीबी से नाले में उतार दिए कर्मचारी, कराई मैनुअल सफाई
इस बीच, सरूरपुर सीएचसी में पीड़िता के मेडिकल के दौरान एक और शर्मनाक स्थिति सामने आई। परिजनों का आरोप है कि वार्ड बॉय ने पीड़िता के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उसे महिला डॉक्टर की अनुपस्थिति में एक घंटे तक बैठाए रखा गया। यह घटना अस्पताल प्रभारी के कार्यालय में घटित हुई।
परिजनों ने घटना का वीडियो बनाकर वायरल किया है, जिसमें वार्ड बॉय की कथित बदसलूकी के दृश्य सामने आए हैं। इस पूरे मामले पर परिजनों ने उच्च अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस दोनों स्तरों पर जांच की बात कही जा रही है।