Murder: हत्यारोपी बेटे को भेजा जेल, बहन बोली- एनिवर्सरी पर मम्मी-पापा को गिफ्ट करनी थी कार, भाई ने दे डाली मौत
मेरठ में माता पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने आज प्रेस वार्ता कर पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे और उसके दोस्त को जेल भेज दिया। वहीं बहन कनिष्का के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
विस्तार
मेरठ के शास्त्रीनगर में माता पिता की हत्या के बाद परिजनों को सांत्वना देने वालों का जहां तांता लगा हुआ है। वहीं पुलिस ने पूरी घटना का खुलासा करते हुए आरोपी बेटे आर्यन और उसके दोस्त आदित्य को जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार पिता द्वारा मां से की जाने वाली मारपीट से तंग आकर बेटे ने पिता की हत्या का प्लान बनाया था। उसने अपने दोस्त को भी इस साजिश में शामिल किया। पिता की हत्या करते देख मां की आंख खुल गई तो दोनों ने मां की भी हत्या कर डाली। दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया है। वहीं बहन कनिष्का का रो-रोकर बुरा हाल है।
बहन को जब यह पता चला कि उसके ही भाई ने मां और पिता की जान ली है तो वह यकीन नहीं कर पा रही थी। वह बार बार यही कहती रही कि मम्मी पापा के लिए लोन पर गाड़ी बुक कराई थी। उन्हें एनिवर्सरी पर गिफ्ट करनी थी लेकिन इससे पहले ही भाई ने माता-पिता को मौत का सरप्राइज दे डाला।
यह भी पढ़ें: Meerut: मां-बाप का कातिल बना बेटा, नशीला मैंगो शेक पिलाया, दोस्त के साथ मिलकर पहले पिता फिर मां का गला काटा
हत्या की सूचना पर प्रमोद की बहन सीमा सबसे पहले घर पहुंची। बिलखते हुए सीमा ने बताया कि माता विनोद बाला का सोमवार को जन्मदिन था। सभी ने इसे मंगलवार को सेलिब्रेट करने के लिए कहा था। गुरुग्राम से अनिष्का और आर्यन को भी आना था। परिवार का हर सदस्य यही कह रहा था कि किसी से कोई दुश्मनी नहीं तो फिर क्यों जान ले ली।
मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में दंपती अपने बुजुर्ग माता-पिता के साथ रहता था। दंपती की सोमवार देर रात बेरहमी से गला काटकर हत्या कर दी गई। महिला शिक्षक थीं जबकि उनके पति दिल्ली में सरिया फैक्टरी में काम करते थे। इनके दो बच्चे हैं, वे दोनों ही गुरुग्राम में जॉब करते हैं। सोमवार सुबह मां स्कूल नहीं पहुंचीं तो स्कूल से फोन आने पर बेटे आर्यन ने पड़ोसियों को फोन किया और कहा कि मम्मी-पापा कॉल नहीं उठा रहे हैं। एक बार आप जाकर देख लीजिए। इसके बाद पड़ोसन के घर पहुंचने पर दंपती की हत्या की जानकारी हुई।