दर्दनाक हादसा: पतंग को पकड़ने खेत में दौड़ा मासूम, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत, 16 घंटे बाद मिला शव
मेरठ के गगोल गांव में बुधवार शाम लापता हुए नौ वर्षीय शाद का शव बृहस्पतिवार सुबह खेत में मिला। प्रथमदृष्टया हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आने से मौत की आशंका है।
विस्तार
बुधवार शाम से लापता था शाद
सिवाल खास निवासी अकरम गगोल गांव के पास खेत में बने मकान में परिवार के साथ किराये पर रहते हैं। उनका नौ वर्षीय बेटा शाद बुधवार शाम करीब चार बजे लापता हो गया था। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बालक का पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने सीसीटीवी और अन्य माध्यमों की मदद से उसकी तलाश शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: मेरठ: भूरा ने अवैध पिस्टल से चलाई थी गोली एफआईआर पर सवाल उठे तो बढ़ाई धारा, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
मां को खेत में दिखी पतंग, वहीं मिला शव
बृहस्पतिवार सुबह शाद की मां ने पड़ोस के खेत में एक पतंग पड़ी देखी। इसके बाद खेत में तलाश करने पर बालक का शव पड़ा मिला। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के मुताबिक, शव करंट से झुलसा हुआ था। मौके पर विद्युत आपूर्ति बंद कराकर शव को खेत से बाहर निकाला गया।
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने की आशंका
सीओ ब्रह्मपुरी राम प्रकाश के अनुसार, प्रथमदृष्टया आशंका है कि शाद पतंग लेने के लिए खेत में गया होगा। इसी दौरान वह हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस अन्य पहलुओं से भी मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।