मेरठ: अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले चार आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार; एक घायल, 46 कारतूस व पिस्टल बरामद
भावनपुर पुलिस ने अवैध हथियार और कारतूसों की खरीद-फरोख्त के आरोप में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामदगी के दौरान पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हुआ। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से .32 बोर के 46 जिंदा कारतूस, एक .32 बोर पिस्टल और .315 बोर तमंचा बरामद किया गया।
विस्तार
मेरठ के भावनपुर थाना पुलिस ने अवैध शस्त्र एवं कारतूसों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को ज्ञानपुर के जंगल में बाइक रोककर 50 हजार रुपये लूटने के मामले में गिरफ्तार आरोपी फैजान के मोबाइल की जांच के दौरान अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े तथ्य सामने आए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने जांच करते हुए कार्तिक, विशाल, अर्जुन और राशिद उर्फ मंत्री को गिरफ्तार किया। बरामदगी के दौरान पुलिस मुठभेड़ में राशिद उर्फ मंत्री घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
फैजान के मोबाइल से सामने आया हथियारों का नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर 2026 को ग्राम ज्ञानपुर के जंगल में मोटरसाइकिल रोककर 50 हजार रुपये लूटने की घटना के संबंध में भावनपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में पहले गिरफ्तार फैजान के मोबाइल फोन की जांच की गई। मोबाइल से अवैध शस्त्र और कारतूसों की खरीद-फरोख्त से संबंधित जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने संबंधित लोगों की पहचान की।
यह भी पढ़ें: बागपत: परचून की दुकान में भीषण आग, दो सिलेंडर फटे; पांच साल की मासूम व महिला की मौत, कई अंदर फंसे
चार आरोपियों की गिरफ्तारी, हथियार और कारतूस बरामद
पुलिस ने 7 अक्टूबर को कार्तिक, विशाल, अर्जुन और राशिद उर्फ मंत्री को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर ग्राम किनानगर के जंगल से बरामदगी की गई। कार्तिक से .32 बोर के 25 जिंदा कारतूस, विशाल से 18 जिंदा कारतूस, अर्जुन से .315 बोर का अवैध तमंचा और राशिद उर्फ मंत्री से .32 बोर की अवैध पिस्टल व तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
बरामदगी के दौरान मुठभेड़, एक आरोपी घायल
पुलिस के अनुसार, बरामदगी की कार्रवाई के दौरान पुलिस मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी राशिद उर्फ मंत्री घायल हो गया। उसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सहारनपुर से करीब एक साल पहले कारतूस खरीदने की बात
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बरामद कारतूस उन्होंने करीब एक वर्ष पहले सहारनपुर से खरीदे थे। पुलिस इस जानकारी के आधार पर हथियार और कारतूस की सप्लाई से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी राशिद, कार्तिक, अर्जुन और विशाल का पूर्व में भी अलग-अलग मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है।