Meerut: सड़क पर आई दीवान ग्रुप की पारिवारिक लड़ाई, बहू बोली-मुझे चाय में पिलाया जहर, अब घर में भी नो एंट्री
मेरठ दीवान समूह की पारिवारिक लड़ाई इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। दीवान समूह की बहू नेहा दीवान ने अपने पति पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं 21 साल बाद दोनों रिश्तों में दरार आने के बाद परिवार टूटने की कगार पर है।
विस्तार
मेरठ के दीवान समूह की पारिवारिक लड़ाई अब सड़क तक आ गई है। समूह की प्रबंध समिति की सदस्य नेहा दीवान ने पति पर उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में नेहा ने कहा, नशे में मेरे साथ मारपीट की गई और चाय में मुझे जहर दिया गया। इस पर साकेत ए-70 निवासी अजय दीवान के खिलाफ सिविल लाइन थाने में 498 ए(पत्नी से क्रूरता), 323(मारपीट), 504(धमकी), 338 धारा(गंभीर चोट पहुंचाना) में केस दर्ज हो गया है।
अजय की पत्नी नेहा दीवान का दावा है कि वह 14 साल से जागृति विहार स्थित दीवान स्कूल चला रही हैं। अजय दिल्ली रोड स्थित दीवान इंटरनेशनल स्कूल चलाते हैं। नेहा ने आरोप लगाया कि अजय नशे का आदी है। नशा कर वह गाली-गलौज और मारपीट करता है।
कई बार दोनों परिवार में इसे लेकर बात हुई और परिवार के जिम्मेदार लोगों ने समझौता कर दिया। अगस्त 2021 को नोएडा में नेहा के साथ अजय ने मारपीट की। इसकी शिकायत नोएडा के थाने में की गई थी। आरोप है कि 22 फरवरी की शाम नेहा की चाय में जहरीला पदार्थ मिला दिया।
यह भी पढ़ें: Meerut: साकेत में हाई वोल्टेज ड्रामा, ससुराल में नहीं मिली एंट्री, डेढ़ घंटा घर के बाहर खड़ी रही नेहा दीवान
बेसुध होने से पहले नेहा ने भाई को फोन करके जानकारी दी। भाई ने साकेत पहुंचकर डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया। आरोप है कि इससे पहले भी उसे जान से मारने की कोशिश की गई। अजय ने कई बार दूसरी शादी की धमकी भी दी। वहीं, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि परिवार टूटने से बचाने के लिए समझौते का प्रयास भी चल रहा है।
पुलिस ने बचाई कई बार जान
नेहा ने बताया कि डायल 112 पर तैनात पुलिसकर्मियों ने कई बार उसकी जान बचाई है। परिवार को बचाने के चक्कर में उसने खुद कार्रवाई न करने की बात कही। लेकिन अब हद पार हो गई तो कमिश्नर, डीएम व एसएसपी से मिलकर शिकायत की।
प्रबंध समिति की सदस्य नेहा ने पति के खिलाफ उत्पीड़न में दर्ज कराई रिपोर्ट
मेरे परिवार का मामला है। मेरी शादी को 21 साल हो गए। अजय मेरे बच्चों के पिता हैं, मैं उनके बारे में कभी गलत नहीं सोच सकती। परिवार को बदनामी को देखते चुपचाप सहन करती रही हूं। मुकदमा हो गया, लेकिन अभी परिवार को बचाने का प्रयास करूंगी। -नेहा दीवान