मुजफ्फरनगर: जानसठ कचहरी में दस्तावेज लेखक ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान, सुसाइड नोट में विवाद का जिक्र
मुजफ्फरनगर के जानसठ कचहरी परिसर में दस्तावेज लेखक गजेंद्र सिंह गुर्जर ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सुसाइड नोट में 10.90 लाख रुपये के विवाद का जिक्र है।
विस्तार
मुजफ्फरनगर जनपद के जानसठ कचहरी परिसर में सोमवार सुबह दस्तावेज लेखक गजेंद्र सिंह गुर्जर (48) ने अपने चेंबर में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए मुजफ्फरनगर के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। उनके चेंबर से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इसमें 10 लाख 90 हजार रुपये के वित्तीय विवाद का जिक्र करते हुए एक व्यक्ति पर रुपये जमा नहीं कराने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद कचहरी परिसर में शोक छा गया।
यह भी पढ़ें: यूपी पुलिस के एनकाउंटर का खौफ: बुलेट प्रूफ जैकेट और बेड़ियां पहनकर कोर्ट पहुंचे लॉरेंस-गोगी गैंग के दो शूटर
गजेंद्र सिंह गुर्जर के चेंबर से मिले सुसाइड नोट में सरदार चरणजीत सिंह पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। नोट के अनुसार, चरणजीत सिंह ने उनके पिता के कृषि कार्ड के 10 लाख 90 हजार रुपये जमा नहीं कराए थे। गजेंद्र सिंह ने लिखा कि रकम जमा नहीं होने के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थे।
उन्होंने नोट में यह भी लिखा कि उनकी मौत के बाद परिवार के किसी सदस्य के खिलाफ कानूनी कार्रवाई न की जाए। उन्होंने यह कदम स्वयं उठाने की बात लिखी है। साथ ही भाइयों से चरणजीत सिंह से रुपये लेकर कानूनी कार्रवाई करने को कहा है।
परिवार के लिए लिखा संदेश
सुसाइड नोट में गजेंद्र सिंह ने अपने भाइयों से डेढ़ लाख रुपये का उधार चुकाने की बात कही। उन्होंने बच्चों का पालन-पोषण करने और बेटियों व बेटे की शादी कराने की जिम्मेदारी भी भाइयों को सौंपी। नोट में परिवार के भविष्य को लेकर कई बातें लिखी गई हैं।
कचहरी में चेंबर बंद कर जताया शोक
गजेंद्र सिंह की मौत की खबर फैलते ही कचहरी परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों, टाइपिस्टों और स्टांप वेंडरों ने शोक में अपने चेंबर बंद कर दिए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
सीओ ऋषिका सिंह ने बताया कि पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच-पड़ताल की जाएगी। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराए बिना अंतिम संस्कार कर दिया।
तीन बेटियों और एक बेटे के पिता थे गजेंद्र
गजेंद्र सिंह गुर्जर ककरौली क्षेत्र के गांव कटिया के निवासी थे। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। परिवार के पास करीब 60 बीघा कृषि भूमि है। उनके परिवार में पत्नी किरण, तीन बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी निकिता की शादी हो चुकी है, जबकि इशा और अंकी अविवाहित हैं। बेटे का नाम अर्पित है। उनके पिता राजसिंह का निधन हो चुका है और पत्नी किरण कई महीनों से बीमार हैं।
