Meerut Crime News: एक दरोगा निलंबित, दूसरे को लाइन हाजिर किया, पढ़ें अपराध की खास खबरें
एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा ने जांच और कार्रवाई में लापरवाही बरतने पर तीन दरोगाओं पर कार्रवाई की। पढ़ें मेरठ से अपराध की मुख्य खबरें।
विस्तार
मेरठ के संपूर्ण समाधान दिवस में सोमवार को एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा ने जांच और कार्रवाई में लापरवाही बरतने पर तीन दरोगाओं पर कार्रवाई की। उन्होंने मवाना थाने के दरोगा नवनीत कुमार को निलंबित कर दिया और दरोगा योगेश पांडेय की जांच के आदेश दिए।
इसके अलावा हस्तिनापुर थाने की भद्रकाली चौकी के प्रभारी पुनीत पांडेय को लाइन हाजिर को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं, जमीन प्रकरण में हस्तिनापुर थाना प्रभारी को रिपोर्ट देने के आदेश दिए।
पहले मामले में गांव खेड़की जदीद निवासी ठाकुरदास ने शिकायत करते हुए कहा कि उसने मार्च माह में पांच लोगों को नामजद व चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच अधिकारी दरोगा कार्रवाई नहीं कर रहे। एसएसपी ने दरोगा से पूछा तो संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए। एसएसपी ने दरोगा नवनीत कुमार को निलंबित करने के आदेश दिए।
दूसरे मामले में हस्तिनापुर क्षेत्र के गांव किशोरपुर मामेपुर निवासी सरिता ने बताया कि जमीन के बंटवारे का विवाद चल रहा है। उपजिलाधिकारी न्यायालय से यथास्थिति के आदेश हैं। वर्तमान में वाद हाईकोर्ट में लंबित है। आरोप लगाया कि तीन महिलाओं ने भूमि बेचने के लिए अपर जिलाधिकारी प्रशासन से असल तथ्य छिपाकर अपने पक्ष में विक्रय करने की अनुमति प्राप्त कर ली।
अपर आयुक्त ने उसकी अपील पर विक्रय अनुमति निरस्त कर दी। इसके बाद नायब तहसीलदार ने दाखिल खारिज का आदेश भी निरस्त कर दिया। परंतु आरोपी हस्तिनापुर पुलिस से सेटिंग कर जबरन उसकी भूमि पर अवैध रूप से निर्माण कर रहे हैं। कई बार पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इस मामले में भद्रकाली चौकी प्रभारी पुनीत पांडेय को लाइन हाजिर किया गया।
अनुपस्थित मिले 19 अधिकारियों का वेतन रोकने का दिया निर्देश
मवाना। संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी डाॅ. वीके सिंह व एसएसपी डाॅ. अरुण ताडा ने लोगों की शिकायतों को सुना। डीएम ने अनुपस्थित रहे 19 विभागों के अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिया। कुल 184 शिकायतें आई, जिसमें से मौके पर छह का ही निस्तारण हो सका।
प्रशासन ने किशोरी का बाल विवाह रुकवाया
मेरठ में एक किशोरी की हिम्मत ने उसको कम उम्र में होने वाली शादी से बचा लिया। संस्था जनहित फाउंडेशन के स्वयंसेवक द्वारा सूचना दी गई कि उन्हे दौराला क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी (16) ने सूचना दी कि परिजन बाल विवाह 8 जून को करने वाले हैं।
संस्था ने संज्ञान लिया और जिला प्रशासन को सूचना दी। जिला प्रशासन व फाउंडेशन की टीम गांव पहुंची और लड़की के दस्तावेज देखे। संयुक्त टीम ने यह विवाह रुकवा दिया और परिजनों को हिदायत दी कि 18 वर्ष आयु होने के बाद विवाह किया जाए। बालिका के परिजनों से वचन पत्र भरवाया गया।
बच्चा पार्क पर अवैध कॉम्पलेक्स से हटाया बिजली का मीटर हटाया गया है। यहां आवासीय प्लॉट में व्यावसायिक कॉम्पलेक्स के निर्माण का आरोप लगाते हुए कमिश्नर और मेडा उपाध्यक्ष से शिकायत की गई थी। अधिवक्ता रामकुमार शर्मा ने कुछ अन्य साथियों के साथ शिकायत पत्र दिया था। इसमें आरोप लगाया कि कॉम्पलेक्स में बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण किए गए हैं। परिसर में रेजीडेंशियल प्लॉट्स हैं, जिनके अलग-अलग नक्शे स्वीकृत कराए गए, जबकि मौके पर सभी मानचित्रों को दरकिनार कर इमारत तैयार की गई। सेटबैक आदि को नहीं छोड़ा गया। सोमवार को बिजली विभाग की टीम ने दीवार पर लगाया गया कॉम्पलेक्स का मीटर हटा दिया। इस कार्रवाई को लेकर गहमागहमी का माहौल रहा।
कंकरखेड़ा में आंबेडकर रोड पर रामनगर कॉलोनी निवासी बुजुर्ग पूर्व सैन्यकर्मी समद्रपाल (81) ने पेंशन के लिए बेटों में चल रहे विवाद से क्षुब्ध होकर जहरीला पदार्थ सल्फास खाकर जान दे दी।
एसपी सिटी आयुष विक्रम िंह ने बताया कि परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। सुसाइड नोट में मौत के लिए मंझले बेटे और उसकी पत्नी को जिम्मेदार ठहराया गया है।
समद्रपाल सेना और 510 वर्कशाॅप से सेवानिवृत्त थे। इसलिए उनकी दो पेंशन आती थी। पेंशन के लिए बुजुर्ग के बेटों में विवाद रहता था। उन्होंने रविवार रात सल्फास खा लिया। सोमवार सुबह वह कमरे में मृत मिले। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।
पुलिस के मुुताबिक, कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की रामनगर कॉलोनी निवासी समद्रपाल सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद 510 वर्कशाॅप में काम करने लगे थे। बुजुर्ग करीब 21 साल पूर्व वर्कशाॅप से भी सेवानिवृत्त हो गए थे। इस कारण उनकी दोनों जगह से पेंशन आ रही थी। बुजुर्ग के तीन बेटे थे। बड़ा बेटा मनोज, मंझला बेटा दीपक तोमर आर्मी में है। सबसे छोटे बेटे की मौत हो चुकी है। मनोज अपने पिता के साथ रहते हैं। सीओ दौराला प्रकाशचंद अग्रवाल के अनुसार दोनों बेटे पिता की पेंशन लेना चाहते थे।
सेना में कार्यरत मंझला बेटा लगातार पेंशन मांग रहा था। इसके दोनों भाइयों में विवाद था। इससे बुजुर्ग परेशान थे। रविवार रात खाना खाने के बाद परिवार के सदस्य अपने कमरे में चले गए थे। रात में ही बुजुर्ग ने सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली।
सोमवार सुबह परिजनों ने आवाज लगाई तो कोई जवाब नहीं आया था। जिसके बाद परिजनों ने कमरे के अंदर जाकर देखा तो बुजुर्ग अपने बिस्तर पर अचेत पड़े थे। वहीं उनके पास में जहरीले पदार्थ सल्फास की खाली शीशी पड़ी थी। उसी के पास सुसाइड नोट रखा था। परिजनों ने डायल 112 पर सूचना पर दी। पुलिस ने मौके से मिली सल्फास की शीशी और सुसाइड नोट को अपने कब्जे में ले लिया।
जानी में युवक की हत्या करने के बाद शव फेंका
जानीखुर्द में एक युवक की हत्या कर शव को जानी खुर्द में फेंक दिया गया। सोमवार सुबह ब्लॉक कार्यालय के पास खाली प्लाट में शव मिला। सिर में धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या की गई है। मृतक की पहचान नहीं हो सकी।
मेरठ-बागपत हाईवे पर गांव जानी में स्थित ब्लॉक कार्यालय के पास विजेंद्र के खाली पड़े प्लॉट में सोमवार सुबह लोगों ने युवक का खून से सना शव देखा। करीब 35 साल के युवक के सिर पर चोट के गहरे निशान थे। जमीन पर काफी खून था।
जानी थाना पुलिस ने आसपास स्थित दुकानदारों और ग्रामीणों से जानकारी की। सभी ने पहचान से इन्कार कर दिया। मृतक ने सफेद शर्ट और सलेटी रंग की पैंट पहन रखी थी। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए। सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया बाद में शव को मोर्चरी भेज दिया गया।
एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक की रात में सिर पर चोट मारकर हत्या की गई है। मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे है। दुकानदारों के सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। ग्राम प्रधानों से भी मदद ली जा रही है। आसपास के जिलों की पुलिस को भी अवगत करा दिया है। दो टीमें खुलासे के प्रयास में जुटी हैं।
एसएसबी के जवान को पत्नी व सास ससुर ने पीटा, ड्रम में भरने की धमकी
सिक्किम में तैनात एसएसबी के जवान कपिल कुमार को पत्नी ने अपने माता-पिता के संग मिलकर पीटा। दीवार में चिनवाने और ड्रम में भरकर नहर में फेंकने की धमकी दी। मारपीट में कपिल की पसली भी टूट गई। पीड़ित ने गंगानगर थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाने में दी तहरीर में कपिल कुमार ने बताया कि वह मूलरुप से इंचौली क्षेत्र के कुनकुरा गांव निवासी हैं। अम्हेड़ा आदिपुर गांव स्थित न्यू शिवलोक कॉलोनी में भी उन्होंने मकान बना रखा है। 25 मई को वह छुट्टी पर घर आए थे।
आरोप है कि 26 मई को उनके ससुर धर्मेंद्र उर्फ गुड्डू, सास सविता और पत्नी शिवानी घर पर आए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। उन्होंने दरवाजा बंद करने का कारण पूछा तो गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। लोहे के रिंच से उन पर हमला किया।
पीड़ित का आरोप है कि सास-ससुर उनसे रुपये मांगते हैं और पत्नी ब्लैकमेल करती है। छोड़कर जाने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती है। जान बचाने की खातिर उन्होंने 9 अप्रैल 2025 को अपने दोस्त से 3.40 लाख रुपये उधार लेकर पत्नी के खाते में डलवाए थे।
पीड़ित के मुताबिक इस मामले की शिकायत उन्होंने अपने कंपनी कमांडेंट से भी की है। आरोपियों से उन्हें अपनी जान को खतरा है। सीओ सदर देहात शिवप्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी गई है।
युवक पर लाठी-डंडों से हमला, छह पर केस दर्ज
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के खड़ौली गांव निवासी अंकुर शर्मा ने थाने पर केस दर्ज कराते हुए बताया कि वह रात को घर जा रहा था। आरोप है कि हर्ष, अरीश, तुषार, बिरजू, आशीष व तुषार ने रास्ता रोक लिया। उसके साथ अभद्रता की। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में चोट लगने से पीड़ित घायल हो गया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े। भीड़ को आता देख हमलावर भाग गए। बाद में अंकुर परिजनों के साथ थाने पहुंचा। पुलिस ने उसे मेडिकल के लिए भेज दिया। सीओ दौराला प्रकाशचंद्र अग्रवाल का कहना है कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
दौराला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी कक्षा 11वीं की छात्रा को स्कूल बस का चालक सोनीपत निवासी सोमपाल बहला फुसलाकर ले गया। छात्रा के पिता ने पुलिस को जानकारी देते हुए तहरीर दी है। पीड़ित ने थाने पर मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि वह एक स्कूल की बस चलाता है। स्कूल में दूसरी बस के चालक सोमपाल से उसकी दोस्ती हो गई थी। इसी स्कूल में उसकी बेटी 11वीं कक्षा में पढ़ती है। बताया कि दोस्ती के चलते सोमपाल का उसके घर आना-जाना था। सोमपाल उसकी बेटी को बहला फुसलाकर ले गया। काफी तलाश के बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस दोनों की तलाश में जुट गई है।
मारपीट और गाली गलौज की रिपोर्ट दर्ज कराई
मुंडाली के गांव अजराडा निवासी बदर पुत्र आबिद ने मुंडाली थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 जून को वह अपनी पत्नी फोजिया को किठौर से दवाई लेकर घर पहुंचा। अली, जैद, शहजाद, शेर अली घर में घुस आए और उसके साथ मारपीट करने लगे। पत्नी के साथ गाली गलौज, बदतमीजी करने लगे मुझे चोटें आई और जान से मारने की धमकी देकर गए हैं। पुलिस ने बताया कि नामजदों के यहां दबिश दी गई, परंतु कोई हाथ नहीं लगा।
जेवरात और नकदी लेकर चली गई पत्नी
साकेत निवासी धागा फैक्टरी संचालक संजय सिंघल ने बताया कि उनका विवाह 25 वर्ष पूर्व भगवान गंज, मंडी मोदीनगर गाजियाबाद निवासी महिला से हुआ था। चार जून को अपने माता-पिता व बहन-भाई के साथ अचानक घर का समस्त कीमती सामान सोने-चांदी व हीरे के जेवरात, रूपये-पेसे लेकर चली गई। पूछने पर बताया कि अब मेरा तुम्हारे परिवार से कोई मतलब नहीं है। बाद में पता चला कि बैंक लॉकर भी खाली करके सारा सामान पत्नी ले गई।