फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Meerut Crime News: Love or madness... Wife was not coming from her parents' house, young man committed suicide

Meerut Crime News: प्यार या पागलपन... मायके से नहीं आ रही थी पत्नी, युवक ने कर लिया सुसाइड

Sun, 25 May 2025 11:07 AM IST
मोहम्मद मुस्तकीम अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ
अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ Published by: मोहम्मद मुस्तकीम Updated Sun, 25 May 2025 11:07 AM IST
सार

लोहियानगर निवासी अमन की शादी जेवर निवासी एक युवती से दो साल पहले हुई थी। दोनों के एक बेटा हुआ। चार महीने से पत्नी बच्चे के सथ मायके में रह रही थी। पुलिस का कहना है कि परेशान होकर अमन ने सुसाइड कर लिया।  

विज्ञापन
Meerut Crime News: Love or madness... Wife was not coming from her parents' house, young man committed suicide
सांकेतिक तस्वीर।

विस्तार

लोहियानगर क्षेत्र में शनिवार सुबह 25 वर्षीय युवक अमन का शव कमरे की छत पर गार्टर में लगी खूंठी पर दुपट्टे से लटका मिला। युवक का अपनी पत्नी से चार महीने से विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि पत्नी के मायके से न आने के कारण युवक परेशान था। परिजनों का रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन

लोहियानगर थाना क्षेत्र की लोहियानगर कॉलोनी निवासी बृजगोपाल ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे अमन की शादी जेवर निवासी एक युवती से दो साल पूर्व हुई थी। शादी के बाद दोनों के एक बेटा हुआ। पुलिस के अनुसार परिजनों ने बताया कि अमन का अपनी पत्नी से लगभग चार महीने से विवाद चल रहा था। जिसके चलते महिला चार महीने के बेटे को लेकर मायके में रह रही थी। युवक पत्नी को वापस घर बुलाने का प्रयास कर रहा था। वहीं पुलिस के अनुसार युवक फिलहाल परेशान चल रहा था। युवक शुक्रवार रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में चला गया था। शनिवार सुबह जब काफी देर तक युवक कमरे से बाहर नहीं आया, तो परिजनों को चिंता हुई। जिसके बाद परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा, तो युवक फंदे पर लटका हुआ था। परिजनों ने किसी तरह युवक को नीचे उतारा। परिजन युवक को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि इस मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। थाना पुलिस जांच कर रही है।
विज्ञापन

 

मौत के बाद अधिवक्ता ने की समझौतानामे की नोटरी, मृतक बना गवाह

रिटायर सब रजिस्ट्रार चेतन प्रकाश शर्मा की जमीन हड़पने के लिए उनकी भाभी ने अपनी पांच बेटियों के साथ मिलकर फर्जी समझौतानामा तैयार करा लिया। इसकी नोटरी करने वाले अधिवक्ता अनीस अहमद की साढ़े तीन साल पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। गवाह बनाए गए मायाप्रकाश की भी दो साल पहले मौत हो गई थी। पीड़ित ने भाभी देवकी और उनकी बेटी रजनी, मेघा, फाल्गुनी, विशाखा और इला के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नौचंदी क्षेत्र में गढ़ रोड नेहरुनगर निवासी चेतन प्रकाश शर्मा ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनका अपने भाई प्रद्युम्न कुमार से कमालपुर गांव स्थित कृषि भूमि का बंटवारा 1982 में हो गया था। आरोप है कि भाई की मृत्यु के बाद उसकी पत्नी और बेटियों ने चेतन प्रकाश शर्मा की जमीन हड़पने के लिए तहसील न्यायालय में वाद दायर कर दिया। इसमें जमीन अपने नाम नामांतरण कराने की मांग की। आरोपियों ने एक फर्जी समझौतानामा तैयार करा लिया।
पीड़ित के फर्जी हस्ताक्षर बनाकर न्यायालय में पेश किया। इस पर गवाहों के हस्ताक्षर थे। नाम और पता अंकित नहीं था। नोटरी करने वाले अधिवक्ता की मृत्यु एक फरवरी 2014 को हो चुकी थी। गवाह मायाप्रकाश की मौत भी 4 मई को हो गई थी। जबकि समझौतानामा 11 सितंबर 2017 का था। न्यायालय ने भी समझौतानामे को सत्यापित न मानते हुए नामांतरण वाद खारिज कर दिया था। आरोप है कि अब कोई कार्रवाई करने पर पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। एसएसपी ने मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए थे। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
 

व्यापारी को दुकान से ले गई पुलिस, बाद में छोड़ा

कोतवाली थाना क्षेत्र के भगत सिंह मार्केट से सराफ व्यापारी को रोहटा पुलिस लूट के मामले में पूछताछ के लिए उठाकर ले गई। वहीं व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस ने सराफ व्यापारी को गलत उठाया है। जिसके बाद व्यापारी इकट्ठा होकर एसएसपी ऑफिस पहुंचे और जमकर हंगामा किया। बाद में व्यापारी को छोड़ दिया गया।
नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर निवासी एक सराफ की भगत सिंह मार्केट में सराफ की दुकान है। शनिवार सुबह सराफ अपनी दुकान पर बैठे थे। आरोप है कि इसी बीच रोहटा पुलिस दुकान पर पहुंची और सराफ को जबरन उठाकर अपने साथ ले गई।
मार्केट के व्यापारियों ने पुलिस का विरोध किया। इस पर पुलिस ने व्यापारियों को मौके से हटा दिया। इसके बाद व्यापारी इकट्ठा होकर एसएसपी डॉ. विपिन ताडा के कार्यालय पर पहुंचे। व्यापारी नेता जीतू नागपाल ने फोन का घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। व्यापारियों ने सराफ को नहीं छोड़ने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा का कहना है कि एक मामले के पूछताछ के लिए सराफ को लेकर आए थे। पूछताछ के बाद सराफ को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
 
विज्ञापन

कार से कुचलकर ट्रक चालक व परिचालक की मौत

लोहियानगर क्षेत्र में मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर शुक्रवार रात करीब 12 बजे फफूंडा गांव के सामने ट्रक चालक फाजिल (21) और परिचालक मुर्सलीन (35) की कार से कुचलकर मौत हो गई। दोनों टायर में आग लगने पर ट्रक से नीचे उतरे थे। तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया। आरोपी कार मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने कार में कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
मुंडाली क्षेत्र के गांव जसौरा निवासी फाजिल ट्रक चालक था। शुक्रवार रात वह गांव सफियाबाद लोटी निवासी परिचालक मुर्सलीन के साथ ट्रक में मक्का के बोरे लेकर हरियाणा जा रहा था। फफूंडा गांव के सामने ट्रक के टायर में अचानक आग लग गई। ट्रक रोककर फाजिल और मुर्सलीन नीचे उतरे और आग बुझाने लगे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आई कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी और कुचलते हुए निकल गई। फाजिल की मौके पर ही मौत हो गई।
मुर्सलीन को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने यातायात सुचारु कराया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि आरोपी कार चालक को तलाश किया जा रहा है। परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
 

दादी के जनाजे में फायरिंग करने के दो आरोपी गिरफ्तार

लिसाड़ी गेट क्षेत्र के श्याम नगर गली नंबर-5 में करीब दो माह पूर्व दादी के जनाजे में फायरिंग कर अपने चाचा को घायल करने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। लिसाड़ी गेट के श्यामनगर निवासी 85 वर्षीय सिपरा अपने दूसरे नंबर के बेटे गुलजार के साथ रह रही थी। एक बेटा शाहनजर महाराष्ट्र के पुणे में रहता है। तीसरे बेटे अनवार कुरैशी की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। अनवार के बेटे जुनैद, समीर व अमीर का अपने चाचा शाहनजर से विवाद चल रहा है। ऐसे में चारों भाई बीमारी में भी अपनी दादी का हाल जानने नहीं आए। 30 मार्च को बीमारी के चलते सिपरा की मौत हो गई। तीनों भाई दादी के जनाजे में शामिल होने पहुंचे थे।
शाहनजर पुणे से फ्लाइट में आए थे। शाहनजर ने अपने तीनों भतीजों को देख काफी भला-बुरा कहा था। उन्हें अंतिम बार दादी का चेहरा दिखाने से भी मना कर दिया। जनाजे की नमाज के लिए ओसामा मस्जिद के पास जनाजा रखा गया था। आरोप है कि इसी दौरान जुनैद, समीर और अनीर अपने साथी सादिल के साथ मौके पर पहुंचे और शाहनजर पर फायरिंग कर दी। हाथ में गोली के छर्रे लगने से शाहनजर घायल हो गए। गोली चलने से वहां भगदड़ मच गई। बाद में पुलिस की मौजूदगी में शव कब्रिस्तान में दफनाया गया। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि इस मामले में जुनैद को पहले ही जेल भेज दिया गया था। अमीर और सादिल को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
 

बिजली बंबा बाईपास पर विज्ञान केंद्र में लाखों की चोरी

लोहिया नगर थाना क्षेत्र के बिजली बंबा बाईपास पर विज्ञान केंद्र से सामान चोरी कर लिया। प्रभारी रविवार शाम को केंद्र पर पहुंचे तो उन्होंने सामान अस्त व्यस्त होने पर लोहिया नगर पुलिस को सूचना दी। जागृति विहार सेक्टर नौ के रहने वाले दीपक शर्मा एनएएस इंटर कालेज में शिक्षक के पद पर कार्यरत है।
बिजली बंबा बाईपास पर स्थित विज्ञान केंद्र के वह प्रभारी हैं। रविवार शाम को वह केंद्र पर पहुंचे। ताला खोलकर अंदर घुसे तो देखा कि चोर पचास हजार रुपये कीमत के रखे तार, टुल्लू पंप का सामान, पूजा का सामान और बढ़ई के औजार भी बदमाशों ने चोरी कर लिए। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं, जल्द खुलासा किया जाएगा। 
 

डेबिट कार्ड बदलकर खाते से उड़ा दिए एक लाख रुपये

नौचंदी थाना क्षेत्र के आरटीओ रोड पर डेबिट कार्ड बदलकर एक लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने नौचंदी थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
शास्त्रीनगर सेक्टर 13 के रहने वाले कय्यूम अहमद विज्ञापन के ठेकेदार का काम करते हैं। 27 अप्रैल को उन्होंने अपने यहां नौकरी करने वाले नदीम को डेबिट कार्ड देकर रुपये निकालने के लिए भेजा था। नदीम को एटीएम केबिन में मदद करने के बहाने पहले से मौजूद दो संदिग्ध युवकों ने एटीएम कार्ड बदल लिया। उन्होंने नदीम से पासवर्ड भी पूछ लिया।
नदीम ने फिर दोबारा रुपये निकालने की कोशिश की लेकिन रुपये नहीं निकले। इसके बाद दोनों युवकों ने एटीएम खराब बताकर नदीम को दूसरे एटीएम पर जाने के लिए कह दिया। नदीम ने यह बात जाकर कय्यूम को बताई। कुछ ही देर में कय्यूम के मोबाइल पर एक मेसेज आया। एटीएम से एक लाख रुपये निकाल लिए गए थे। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि नौचंदी पुलिस को कार्रवाई के लिए दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
 

महिला से चोर ने सोने के कुंडल किए चोरी, केस दर्ज

नौचंदी क्षेत्र में महिला ममता को नौकरी का झांसा देकर आरोपी ने सोने के कुंडल चोरी कर लिए। घटना को अंजाम के बाद चोर मौके से भाग गया। पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश में लग गई है। नौचंदी थाना क्षेत्र की पंचशील कॉलोनी निवासी ममता ने थाने पर केस दर्ज कराते हुए बताया कि शुक्रवार को वह दोपहर के समय वैशाली कॉलोनी किसी काम से जा रही थी। इसी बीच आरोपी ने महिला को पीछे से आवाज लगाकर रोक लिया। जिसके बाद आरोपी महिला के पास पहुंचा। जहां उसने पीड़िता को एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी लगवाने की बात कही। आरोप है कि इसी बीच आरोपी ने महिला को अपनी बातों में उलझाकर सोने के कुंडल उतरवा लिए और भाग गया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
 

दो किशोरों को गोली लगने के मामले में रिपोर्ट दर्ज

नंगलाताशी के सैनिक विहार में शुक्रवार गोली लगने से घायल 15 वर्षीय किशोर व छर्रा लगने से घायल दूसरे किशोर की हालत में सुधार है। फिलहाल दोनों किशोरों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि अज्ञात आरोपी पर पुलिस ने अपनी तरफ से केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
हाईवे चौकी क्षेत्र के यूरोपियन स्टेट कॉलोनी में गुड़ व्यापारी विकास कुमार अपने परिवार के साथ रहते हैं। व्यापारी के अनुसार उनके 15 वर्षीय बेटे की दोस्ती सैनिक विहार निवासी दो किशोर से है। शुक्रवार शाम व्यापारी का बेटा दोस्तों से मिलने के लिए सैनिक विहार गया था। जहां तीनों छात्र तमंचे में गोली भरकर देख रहे थे। इसी बीच तमंचे से गोली चल गई थी। गोली व्यापारी के बेटे की जांघ में लग गई थी। वहीं छर्रा सैन्यकर्मी के बेटे के हाथ में लग गया था।
 

महिंद्रा की डीलरशिप में पार्टनरशिप के नाम पर अकाउंटेंट के 27.38 लाख रुपये हड़पे

महिंद्रा की डीलरशिप में पार्टनरशिप के नाम तीन लोगों ने अकाउंटेंट के 27.38 लाख रुपये हड़प लिए। रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ परतापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कंकरखेड़ा के ओमनगर निवासी अजय कुमार ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह अक्तूबर 2016 में एक बिल्डर के यहां अकाउंटेंट थे। बिल्डर के यहां जानी क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी मानवेंद्र सिंह चिकारा रोड़ी-डस्ट सप्लाई करता था। मानवेंद्र ने उन्हें बताया था कि उसके जीजा निशांत चौधरी निवासी भूडबराल ने महिंद्रा गाड़ी की डीलरशिप ली है। इसमें मेरा भाई विश्वेंद्र भी हिस्सेदार है। मानवेंद्र ने कहा कि उसके जीजा को कुछ रुपये की आवश्यकता है। वह कुछ समय बाद रुपये लौटा देंगे। अजय कुमार के मुताबिक उन्होंने विभिन्न तिथियों पर आरोपियों के बताए खातों में करीब 20 लाख रुपये और ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद वह शोरुम पर जाने लगे। आरोपियों ने कई माह बीतने पर भी उन्हें कोई हिसाब और लाभ नहीं दिया। वर्ष 2020 में लॉकडाउन लगने पर शोरुम बंद हो गया। पीड़ित ने अपने रुपये मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। एसएसपी ने रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए थे। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।




 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed