{"_id":"58a4a7bb4f1c1bd457d840c5","slug":"kranti-dhara-ke-honhaar-ne-banaye-kirtimaan","type":"story","status":"publish","title_hn":"श्लोक और पेंटिंग में क्रांतिधरा के नाम दो कीर्तिमान, बनाया विश्व रिकॉर्ड ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
श्लोक और पेंटिंग में क्रांतिधरा के नाम दो कीर्तिमान, बनाया विश्व रिकॉर्ड
अमर उजाला ब्यूरो/ मेरठ
Updated Thu, 16 Feb 2017 03:44 PM IST
विज्ञापन
फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईआईएमटी यूनिवर्सिटी में 3105 छात्रों और शिक्षकों ने श्रीमद्भागवत गीता के श्लोकों का उच्चारण कर विश्व रिकॉर्ड बना दिया। इससे पहले जर्मनी में एक साथ 2012 लोगों ने यह रिकॉर्ड बनाया था। गोल्डन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में यह कीर्तिमान दर्ज हो गया है।
विज्ञापन
यूनिवर्सिटी में बुधवार पूर्वाह्न 11 बजे गीता के श्लोकों का उच्चारण शुरू हुआ। विवि के हर विभाग के छात्र-छात्राओं ने श्लोकों का उच्चारण किया। दोपहर 1:10 बजे तक 2015 लोगों ने श्लोक पढ़ डाले। इसके साथ ही जर्मनी की डिजिटल लाइब्रेरी स्कूल के 2012 लोगों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। दोपहर 2:30 बजे तक 3105 लोगों ने श्लोकों का उच्चारण किया। सबसे अंत में यूनिवर्सिटी के चांसलर योगेश मोहन गुप्ता ने श्लोक पढ़कर कार्यक्रम समाप्त किया। यूनिवर्सिटी ने चार घंटे से भी कम समय में नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के एशिया हेड डॉ. मनीष विश्नोई और नेशनल हेड आलोक कुमार ने यूनिवर्सिटी को प्रमाणपत्र दिया। योगेश मोहन गुप्ता ने कहा कि छात्र पवित्र पुस्तक को पढ़ने तक ही सीमित न रखें, बल्कि अपने जीवन में इसकी शिक्षा को भी अपनाएं। गीता समाज को कर्म, ज्ञान और भक्तियोग के मार्ग पर चलने का संदेश देती है। कार्यक्रम का संचालन रेडियो आईआईएमटी के उपनिदेशक संजीव कुमार मिश्रा ने किया। इस मौके पर डॉ. आशा यादव, डॉ. अंशु तेवतिया, डॉ. रेनू मावी मौजूद रहे।
विज्ञापन
पेंटिंग में जीटीबी के छात्रों ने तोड़ा फ्रांस का रिकॉर्ड
कैंट स्थित गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल (जीटीबी) के छात्रों ने बुधवार को रात 12 बजते ही पेंटिंग में फ्रांस के 60 घंटे के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ दिया। अब छात्रों की नजर खुद का कीर्तिमान बनाने की है। वह 72 घंटे तक लगातार पेंटिंग करेंगे। आज (बृहस्पतिवार) दोपहर 12 बजे उनका अभियान पूरा होगा।
विज्ञापन
छात्र भानु देव शर्मा, अखिल कुमार, पीयूष, लक्ष्य वर्मा, भव्य ग्रोवर, जतिन कुमार और सावन ने 13 फरवरी को दोपहर 12 बजे से अभियान की शुरुआत की थी। 10वीं और 11वीं कक्षा के ये छात्र लगातार पेंटिंग कर रहे हैं। क्लीनॅाथन नाम से इन्होंने अपने पेंटिंग अभियान को शुरू किया है। जो राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छता अभियान से शुरू होकर पीएम नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान और नोटबंदी पर थमेगा। छात्रों ने बुधवार दोपहर तक 48 घंटे से अधिक समय का लक्ष्य पूरा करते हुए अभियान को सफलता की ओर ले जाने की दिशा में कदम बढ़ाया। प्रिंसिपल कपिल सूद ने बताया कि रात 12 बजे छात्रों ने अपने अभियान के 60 घंटे पूरे करते हुए फ्रांस के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। बुधवार को छात्रों से मिलने शहर के प्रमुख कलाकार व अन्य युवा भी पहुंचे। इंडिया बुक रिकॉर्ड की टीम लगातार छात्रों के अभियान पर नजर रख रही है। स्कूल निदेशक एनपी सिंह, संचालिका प्रभा राव, अमन सिंह व अभिभावकों की टीम पूरा सहयोग दे रही है।