सरधना। सेंट जोसेफ्स गर्ल्स डिग्री कॉलेज में मंगलवार को वाणिज्य विभाग ने वित्तीय साक्षरता और साइबर अपराध पर सेमिनार आयोजित किया। छात्राओं को सुरक्षित निवेश, बचत और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए गए। विशेषज्ञों ने वित्तीय लेनदेन में सतर्कता और सोच-समझकर निर्णय लेने पर जोर दिया। सेबी प्रशिक्षक स्तुति पी. निझावन ने बचत के महत्व, निवेश रणनीतियों, शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड की जानकारी दी। कम उम्र से निवेश के लाभ भी बताए गए। विधिक विशेषज्ञ प्रीति शर्मा ने साइबर अपराध, ऑनलाइन घोटालों और वित्तीय धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों पर प्रकाश डाला। ऑनलाइन लेनदेन में सतर्कता और गोपनीय बैंकिंग जानकारी सुरक्षित रखने पर जोर दिया। डिजिटल माध्यमों के जिम्मेदारी से इस्तेमाल हेतु छात्राओं को जागरूक किया। सेमिनार में छात्राओं और शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान डॉ. नीतू, डॉ. कविता, डॉ. विदुषी त्यागी, डॉ. सुषमा, डॉ. राजेश्वरी, रंजना, डॉ. राहत, शबाहत, शहला, पूजा, मनु, शाइन और सोनिया सहित अन्य शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।