पीडीए की बैठक में गरमाया माहौल: बिजली गुल होने पर सांसद रामजी लाल सुमन भड़के, फेंका माइक; भाजपा पर साधा निशाना
सपा की पीडीए बैठक में मंगलवार शाम बिजली गुल होने पर राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन नाराज हो गए और माइक फेंक दिया। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए 2027 में सपा की सरकार बनने का दावा किया।
विस्तार
समाजवादी पार्टी की पीडीए बैठक में मंगलवार शाम करीब सवा पांच बजे उस समय माहौल गर्म हो गया, जब पार्टी कार्यालय की बिजली गुल हो गई। बैठक को संबोधित कर रहे राज्यसभा सांसद और सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामजी लाल सुमन बिजली जाने से नाराज हो गए। उन्होंने हाथ में थामा हुआ माइक फेंक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने स्थिति संभाली और कुछ देर बाद बैठक आगे बढ़ी।
रामजी लाल सुमन मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे सिविल लाइंस स्थित सपा कार्यालय पहुंचे थे। यहां 15 नवंबर को आगरा में प्रस्तावित पश्चिमी उत्तर प्रदेश दलित सम्मेलन की तैयारियों को लेकर पीडीए बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में पश्चिमी यूपी के जिलों से कार्यकर्ताओं की भागीदारी और सम्मेलन को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा हो रही थी। इसी दौरान करीब सवा पांच बजे बिजली चली गई। बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच कुछ देर अफरा-तफरी की स्थिति रही। इसके बाद जिलाध्यक्ष जयवीर यादव व अन्य ने स्थिति संभाली।
बिजली संकट के बीच सुमन ने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मौजूदा माहौल भाजपा के खिलाफ है और 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने भाजपा पर भावनाओं की राजनीति करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयानों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ कब से सनातन के संरक्षक बन गए। सुमन ने आरोप लगाया कि धर्म के नाम पर नफरत और समाज में विभाजन की राजनीति की जा रही है। सुमन ने कहा कि बार-बार बाबर का नाम लेने के बजाय बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों पर बात होनी चाहिए। उन्होंने कहा, बाबर को हिंदुस्तान कौन लेकर आया था, यह पूरी दुनिया जानती है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश का हर व्यक्ति खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
हनुमान जी किसी की बपौती नहीं
पीडीए बैठक के दौरान रामजी लाल सुमन ने हनुमान जी को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि हनुमान जी समाजवादी पार्टी के साथ हैं और वह किसी की बपौती नहीं हैं। उन्होंने भाजपा पर धर्म और आस्था को राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगाया। सुमन ने कहा कि भगवान हनुमान पर किसी एक दल या व्यक्ति का अधिकार नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि धार्मिक भावनाओं के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति का जवाब सामाजिक एकजुटता से दिया जाना चाहिए। उन्होंने पीडीए के जरिए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने की बात कही।
भाजपा के अंग की तरह काम कर रहा चुनाव आयोग
उन्होंने चुनाव आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि आयोग भाजपा के एक अंग की तरह काम कर रहा है। पश्चिम बंगाल और बिहार के चुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जहां भी अनियमितता हुई हो, वहां जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा हर तरह के हथकंडे अपना सकती है, लेकिन जनता इसका जवाब देगी।
पीडीए को लेकर सुमन ने कहा कि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को साथ लेकर कैसे आगे बढ़ना है, यह समाजवादी पार्टी जानती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 15 नवंबर के आगरा सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया। बैठक में जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव, पूर्व विधायक हाजी यूसुफ अंसारी, महासचिव फुरकान अली, पूर्व विधायक हाजी रिजवान, पूर्व मंत्री जुगल किशोर वाल्मीकि, पूर्व जिलाध्यक्ष अतहर हुसैन अंसारी, महानगर अध्यक्ष इकबाल हुसैन अंसारी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।