वेस्ट यूपी में मंडराया आतंकी साया, इनपुट मिलने से अधिकारियों में मचा हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ। वेस्ट यूपी में 15 अगस्त पर आतंकी इनपुट मिलने से हाई अलर्ट जारी किया गया है। देवबंद में आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अधिकारी भी गंभीर हो गए हैं। एडीजी ने मेरठ जोन में सघन चेकिंग के निर्देश दिए हैं।
आईजी रामकुमार के मुताबिक दिल्ली कमिश्नर ने मीटिंग में बताया कि आतंकी संगठन सक्रिय हो रहे हैं। वे वेस्ट यूपी के जिलों में आतंकी घटना को अंजाम दे सकते हैं। आतंकी सेना की गोपनीय जानकारी आईएसआई तक पहुंचा रहे हैं। खुफिया विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक देवबंद में 10, मुजफ्फरनगर में 8, गाजियाबाद से 4, मेरठ में 6, हापुड़ से तीन, बुलंदशहर से 4 और गौतमबुद्धनगर एवं बागपत से दो-दो पाकिस्तानी नागरिक गायब बताए गए हैं। देवबंद में आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद एडीजी मेरठ जोन प्रशांत कुमार और आईजी रेंज ने सभी जिलों के कप्तानों को निर्देश जारी किया है कि गंभीरता से चेकिंग कराएं। बाहर से आने वाले नागरिकों की जांच की जाए।
15 को चप्पे चप्पे पर होगी पुलिस
एडीजी मेरठ जोन प्रशांत कुमार का कहना है कि 12, 13 और 14 अगस्त को सभी जोन के जिलों में होटल, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे समेत संवेदनशील व अतिसंवेदनशील इलाके में संघन चेकिंग होगी। स्कूल व धार्मिक स्थलों पर निगरानी की जाएगी। 15 अगस्त की सुबह से एसएसपी, एसपी खुद चेकिंग कराएंगे।
आतंकियों का पुराना नाता
बिजनौर ब्लास्ट के बाद 12 सितंबर 2014 को सिमी के छह आतंकी फरार हुए थे। तेलंगाना में दो मुठभेड़ में मारे गए और चार को बाद में उडी़सा से गिरफ्तार किया गया था। उक्त आतंकियों का कनेक्शन मेरठ से भी था। मेरठ से आसिफ, इजाज समेत कई आतंकी पकड़े जा चुके हैं।
वेस्ट यूपी में आतंकी कनेक्शन
30 अप्रैल 2001 : पाक से ट्रेंड एक आतंकी को हापुड़ के मदरसे से पकड़ा गया।
01 मई 2001 : सहारनपुर से आईएसआई एजेंट पकड़ा गया।
08 जनवरी 2002 : गाजियाबाद में आईएसआई एजेंट को मार गिराया।
22 मार्च 2002 : हापुड़ से लश्कर-ए-तैयबा के चार आतंकी पकडे़ गए।
09 जून 2002 : मुरादाबाद से हिजबुल मुजाहिद्दीन से ताल्लुक रखने वाले पांच आतंकी गिरफ्तार।
15 जुलाई 2002 : मुजफ्फरनगर से एक और आईएसआई एजेंट गिरफ्तार।
14 मार्च 2003 : मुजफ्फरनगर से जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकी सज्जाद और इत्तफाकुल गिरफ्तार।
18 अप्रैल 2004 : मेरठ से रूबी बेगम नामक आईएसआई एजेंट गिरफ्तार।
2004 : बुलंदशहर के सिकंदराबाद में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकी पकड़े।
2005 : बुलंदशहर के स्याना से पाकिस्तान का जासूस डॉक्टर पकड़ा।
10 मार्च 2005 : मेरठ से खलील हुसैन शाह नामक आईएसआई एजेंट गिरफ्तार।
23 अगस्त 2005 : लश्कर-ए-तैयबा के अबु रज्जाक मसूद का मुजफ्फरनगर कनेक्शन मिला।
21 जून 2007 : बिजनौर में भारी मात्रा में आरडीएक्स के साथ हूजी के दो आतंकी गिरफ्तार।
12 दिसंबर 2008 : सीआरपीएफ कैंप में हमले का आरोपी लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी फहीम अंसारी पकड़ा।
10 जनवरी 2009 : सहारनपुर से आईएसआई एजेंट आमिर अहमद उर्फ भूरा गिरफ्तार।
16 अगस्त 2014 : मेरठ से संदिग्ध आईएसआई एजेंट आसिफ अली गिरफ्तार।
27 नवंबर 2015 : मेरठ में आईएसआई एजेंट इजाज को एसटीएफ ने किया गिरफ्तार।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/