पश्चिमी यूपी के इन थानों पर बैठी जांच, लखनऊ तक गूंजा मामला, ये थे दो बड़े मामले
मेरठ में लालकुर्ती थाने में किन्नरों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने और देहलीगेट थाने में हिंदू युवा वाहिनी के नेता को थर्ड डिग्री देने वाले मामले में दोनों थानों के खिलाफ जांच बैठ गई है। दोनों थानों में पुलिस की बर्बरता का मामला लखनऊ तक गूंज गया है। खुफिया विभाग ने इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी है। इसकी जानकारी लगते ही इंस्पेक्टर लालकुर्ती और देहलीगेट थाने के दोनों दरोगा छुट्टी पर चले गए।
लालकुर्ती छोटा बाजार स्थित फव्वारा चौक से थाने तक हंगामा करना किन्नरों को भारी पड़ा। लालकुर्ती इंस्पेक्टर और पुलिस ने थाने में किन्नरों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पुलिस की बर्बरता की वीडियो वायरल होने पर महकमे में खलबली मच गई। लखनऊ से भी जवाब मांगा गया है। इंस्पेक्टर लालकुर्ती रोजंत त्यागी के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। घटना के बाद इंस्पेक्टर लालकुर्ती के छुट्टी पर जाने को लेकर अलग-अलग चर्चा है।
दूसरा मामला देहलीगेट थाने का है। सोमवार को डीएन कॉलेज की पार्किंग में खड़े वाहनों से बीटीसी के परीक्षार्थियों के मोबाइल और पर्स चोरी होने पर हिंदू युवा वाहिनी महानगर उपाध्यक्ष अक्षित शर्मा व उसके पिता संतोष शर्मा निवासी नई बस्ती, टीपीनगर की पुलिस ने पिटाई की थी। संतोष पर पार्किंग का ठेका है। वाहिनी कार्यकर्ताओं का आरोप कि देहलीगेट में तैनात दरोगा पुष्कर व दिलशाद ने अक्षित शर्मा को थर्ड डिग्री दी। जिस पर उसकी हालत बिगड़ी थी। मुख्यमंत्री और हिंदू वाहिनी के खिलाफ अपशब्द करने का भी आरोप था। जिसके बाद जांच बैठते ही दोनों दरोगा छुट्टी चले गए।
किन्नरों को जेल भेजा
लालकुर्ती पुलिस पर जानलेवा हमले करने पर नौ किन्नरों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। पुलिस ने मंगलवार को सभी किन्नरों को जेल भेज दिया। अन्य फरार किन्नरों की भी गिरफ्तारी होगी।
थाने से एसएसपी ऑफिस तक हंगामा
डीएन कॉलेज में बीटीसी की परीक्षा देने आए छात्र और छात्राओं ने देहलीगेट थाने से एसएसपी ऑफिस तक हंगामा किया। आरोप लगाया कि पार्किंग से उनके वाहनों से मोबाइल और पर्स चोरी कर लिए गए। देहलीगेट पुलिस ने शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं की। देहलीगेट पुलिस पार्किंग ठेकेदार संतोष शर्मा के बेटे अक्षित को हिंदू युवा वाहिनी का पदाधिकारी बताती है। पुलिस दबाव में कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं है। एसएसपी ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।
थाने में छात्र बैठे, एटीएम से निकल रहे पैसे
पार्किंग में वाहनों में रखे पर्स चोरी हुए थे। पर्स में परीक्षार्थियों के एटीएम कार्ड भी थे। सोमवार को जिस समय छात्र पार्किंग ठेकेदार के पास बैठे थे, उस वक्त उनके एटीएम से पैसे निकल रहे थे। छात्रा अनीता सिंह ने कहा कि उसके एटीएम से 20 हजार रुपये निकले है। वहीं, छात्र हिमांशु ने 16 हजार रुपये निकलने बताए है। बड़ा सवाल है कि छात्र-छात्रा के एटीएम कार्ड पर्स से कौन ले गया। पार्किंग ठेकेदार और उसका बेटा थाने में पुलिस की कस्टडी में थे। उस समय एटीएम से पैसे निकलने से साफ जाहिर है कि छात्र-छात्राओं के पर्स शातिर बदमाशों ने ही चोरी किए है, जोकि साइबर एक्सपर्ट हैं। हालांकि छात्रा ने एटीएम कार्ड पर पासवर्ड लिखा होना बताया और छात्र का मोबाइल भी चोरी हुआ है। जिसमें ओटीपी नंबर आया होगा।
बागपत रोड से निकाले गए एटीएम से पैसे
छात्र-छात्रों के मोबाइल और पर्स से एटीएम कार्ड चोरी करके पैसा निकले पर साइबर सेल से इसकी जांच की। पता चला कि बागपत रोड स्थित एक बैंक के एटीएम से पैसे निकाले गए। एसओ देहलीगेट रविंद्र सिंह ने बताया है कि इस गैंग का पता लगाने के लिए पुलिस टीम लगी है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी देखी जा रही है।
जांच बैठी है, कार्रवाई होगी
लालकुर्ती और देहलीगेट थाना पुलिस पर जांच बैठी है। दोनों घटनाओं में जिसकी गलती होगी, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। किन्नरों ने थाने में अराजकता की थी, जिनके खिलाफ कार्रवाई हुई है। हिंदू युवा वाहिनी के नेता से मारपीट के मामले में कार्रवाई होगी। - प्रशांत कुमार, एडीजी जोन
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/